App

बिहार में ठंड ने पकड़ी रफ्तार: कई हिस्सों में छाया कोहरा, चक्रवात अकवान के असर से 5 जिलों में बारिश के आसार

बिहार में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है. कई हिस्सों में कोहरा छाया हुआ है. वहीं, चक्रवात अकवान के असर से मौसम विभाग ने 5 जिलों में बारिश की संभावना जताई है. आइए जानते हैं अन्य जिलों में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है.

बिहार में ठंड ने पकड़ी रफ्तार: कई हिस्सों में छाया कोहरा, चक्रवात अकवान के असर से 5 जिलों में बारिश के आसार
Image Credit: बिहार वेदर अपडेट (AI IMAGE)

जैसे-जैसे नवंबर अपनी समाप्ति की ओर आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे बिहार में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल रहा है. कई जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया हुआ है, वहीं कई जिलों में बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान के कारण बारिश हो रही है. मौसम विभाग की माने, तो बिहार में आज यानी 22 नवंबर 2026 को मौसम का मिजाज बदला हुआ और ठंडक भरा रहने का अनुमान है.

आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 22 नवंबर को राज्य के दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व हिस्सों के जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाने की संभावना जताई गई है, जिससे सुबह-सुबह सफर करने वालों और निकलने वालों को दृश्यता में कमी और सिहरन का सामना करना पड़ सकता है. 

IMD के अपडेट के अनुसार, आज जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में हल्की बारिश होने की संभावना है. साथ ही, मौसम में नमी और हवाओं के प्रभाव से सुबह-शाम की ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. राजधानी पटना के मौसम की बात करें, तो यहां का मौसम भी शुष्क रहने वाला है. जिले में बारिश की कोई संभावना नहीं है.

राज्य में कैसा रहेगा तापमान का हाल?

तापमान की बात करें तो 22 नवंबर के लिए जारी पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 16 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के जिलों में- पश्चिम चंपारण, सिवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है.

उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों में-  सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा पूर्णिया और कटिहार में अधिकतम 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम 18 से 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम 16 से 18 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.

दक्षिण-मध्य और दक्षिण पूर्व बिहार के जिलों में पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव संभावना जताई है, जिसके तहत न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया में 2 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.ISOMES कॉलेज से BJMC करने के बाद रंजना ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में काम किया है. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं.रंजना कुमारी से आप Ranjana.Kumari@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More