)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सर्दी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. रविवार, 22 नवंबर को पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है. वहीं पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क बना रहेगा. मौसम विभाग ने प्रदेश के दोनों हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, नवंबर के अंतिम सप्ताह में यूपी के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. पूर्वांचल में बारिश के साथ तेज पुरवा हवाएं भी चल सकती हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, 22 नवंबर को पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं.जिन जिलों में बारिश के आसार हैं वो ये जिले हैं - प्रयागराज, भदोही, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और देवरिया. इन जिलों में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवाएं चल सकती हैं.
पश्चिमी यूपी में रविवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, सहारनपुर, बरेली और मुरादाबाद में बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है. दिन में धूप निकलने की संभावना है, लेकिन सुबह-शाम ठंडी हवाओं से सर्दी का असर महसूस होगा.
राजधानी लखनऊ और कानपुर समेत मध्य यूपी में मौसम साफ रहने का अनुमान है. सुबह हल्की धुंध रहेगी, दिन में धूप निकलेगी. फिलहाल इन इलाकों में बारिश की संभावना नहीं है.
मौसम विभाग ने 22 नवंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है. तराई और पूर्वांचल में सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो सकती है. कोहरे के कारण हाईवे पर वाहन चलाने में दिक्कत हो सकती है. चालकों को धीमी गति से चलने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. 3 नवंबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे का असर रहेगा.
अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.हालांकि न्यूनतम तापमान में पहले दो दिनों में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है. इससे नवंबर के आखिरी हफ्ते में रात और सुबह के समय ठंड का असर और बढ़ जाएगा.खासकर ग्रामीण और खुले इलाकों में सुबह और देर रात ज्यादा ठंड महसूस होगी.