)
नोएडा: कैसरगंज के पूर्व सांसद और यूपी के कद्दावर नेता बृजभूषण शरण सिंह को उनके 68वें जन्मदिन (8 जनवरी) से पहले बेटी से अनोखा सरप्राइज मिला है.नोएडा में रह रही उनकी बेटी शालिनी सिंह ने पिता के लिए 50 लाख रुपये की लागत से एक आलीशान प्राइवेट हेलीपैड बनवाकर गिफ्ट किया है. इस नायाब तोहफे की चर्चा अब पूरे यूपी के सियासी गलियारों में हो रही है.
बताया जा रहा है कि जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए शालिनी ने सीक्रेट प्लान किया था. जब बृजभूषण को इसकी जानकारी मिली तो वो भावुक हो गए. उन्होंने हेलीपैड का पूजन कर उद्घाटन किया. शालिनी ने इस पल की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम पर भी शेयर की हैं.
गोंडा के जिले के कैसरंगज से सांसद रहे बॉजभूषण शरण सिंह बेहद लग्जरी लाइफ जीते हैं. उनके बेड़े में एक से एक लग्जरी गाड़ियों के अलावा महंगे घोड़े भी शामिल हैं. बृजभूषण के पास फिलहाल 3 हेलीकॉप्टर हैं-एक सफेद,एक काला और एक भगवा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले साल ही उन्होंने 8 से 16 करोड़ कीमत वाला R-66 भगवा हेलीकॉप्टर खरीदा था.
नए प्लान के मुताबिक काले रंग का हेलीकॉप्टर अब परमानेंट नोएडा वाले इसी हेलीपैड पर रहेगा, जिससे बेटी शालिनी को भी आने-जाने में आसानी होगी. जबकि सफेद और भगवा हेलीकॉप्टर गोंडा और पूर्वांचल के दौरों के लिए रहेंगे.
बृजभूषण शरण सिंह की इकलौती बेटी शालिनी सिंह कई प्रतिभाओं की धनी हैं. वो पेशे से आर्टिस्ट हैं और अब तक 5 किताबें लिख चुकी हैं. कविता लिखने के साथ-साथ उन्हें शूटिंग में भी महारथ हासिल है. शालिनी शादीशुदा हैं. उनके पति विशाल सिंह बिहार के एक बड़े सियासी परिवार से आते हैं. विशाल, बिहार के पूर्व सांसद अजीत सिंह और पूर्व मंत्री मीना सिंह के बेटे हैं और खुद भी राजनीति व सहकारी क्षेत्र में सक्रिय हैं. फिलहाल शालिनी और विशाल का परिवार नोएडा में रहता है. ये दंपति यूपी और बिहार, दोनों राज्यों के राजनीतिक परिवारों के बीच एक मजबूत कड़ी के तौर पर देखा जाता है.
शालिनी सिंह पिछले काफी समय से नोएडा में एक्टिव हैं. सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी बढ़ी है. बेटी द्वारा 50 लाख के हेलीपैड गिफ्ट के बाद चर्चा तेज है कि भाजपा गौतमबुद्ध नगर की किसी सीट से शालिनी को विधानसभा चुनाव में उतार सकती है.