)
पुणे में शिवाजीनगर-मान-हिंजवड़ी मेट्रो कॉरिडोर का पीएम मोदी कल (मंगलवार, 3 नवंबर) को उद्घाटन करने वाले हैं. वहीं, पुणे के मान मेट्रो स्टेशन का शुभारंभ सीएम देवेंद्र फडणवीस के हाथों होना है. उद्घाटन से पहले ही पुणे मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (PMRDA) की बड़ी लापरवाही सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, उद्घाटन से एक दिन पहले ही मान मेट्रो स्टेशन की छत से पानी टपकने लगा. इस घटना ने करोड़ों रुपये के प्रोजक्ट पर पानी फेर दिया. इस घटना से मेट्रो स्टेशन के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
उद्घाटन से पहले मेट्रो स्टेशन की कुछ तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, इनमें नए बने स्टेशन के अंदर बारिश का पानी रिसता हुआ दिख रहा है. इससे बुनियादी ढांचे की गुणवत्ता और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
वहीं, उद्घाटन से ठीक पहले छत में लीकेज होने से पुणे मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (PMRDA) के अधिकारियों में हड़कंप मच गया. PMRDA ने रविवार (1 नवंबर) की देर रात इस घटना पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि PMR-01 स्टेशन पर हुआ रिसाव किसी संरचनात्मक खराबी (स्ट्रक्चरल डिफेक्ट) के कारण नहीं था.
This is the condition of Maan Metro Station of Pune Metro Line 3, just two days before it opens on Nov 3! Is waterproofing not part of the work?? Pathetic @MetroPuneri @OfficialPMRDA https://t.co/9cCioGjK7Z
— Pune (@PuneDistrict) November 1, 2026
PMRDA ने सफाई में क्या कहा?
PMRDA ने बताया कि स्टेशन के प्रवेश ढांचे की छत (टेरेस स्लैब) पर लगे निकासी पाइप में आई अस्थायी रुकावट की वजह से यह रिसाव हुआ था. PMRDA ने कहा कि छत का हिस्सा खुला हुआ है, इसलिए निकासी पाइप बंद हो जाने के कारण वहां बारिश का पानी जमा हो गया और बाहर बहने लगा.
पीएम मोदी को करने वाले हैं उद्घाटन
बता दें कि 3 नवंबर को पीएम मोदी के हाथों पुणे मेट्रो लाइन-3 का वर्चुअल उद्घाटन होना है. इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा अजित पवार मौजूद रहेंगी. उद्घाटन के अगले दिन यानी 4 नवंबर से माण-हिंजवडी से शिवाजीनगर के बीच मेट्रो सेवा यात्रियों के लिए शुरू हो जाएगी. शुरुआत में इस मार्ग के 23 में से 17 स्टेशन खोले जाएंगे.