)
आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से झटका: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है. ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ उनकी ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है.वकील ने CJI के सामने तत्काल सुनवाई का मुद्दा उठाया, लेकिन कोर्ट ने तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया. अब इस मामले को इसी सप्ताह फिर उठाए जाने की बात कही गई है.
समाजवादी पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खान ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED द्वारा की गई गिरफ्तारी को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. आज आजम खान की ओर से पेश वकील निजाम पाशा ने CJI की बेंच के सामने मामले का उल्लेख कर तत्काल सुनवाई की मांग की थी.
आजम खान के वकील ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) के सामने मामले को मेंशन करते हुए इस पर तुरंत सुनवाई की मांग की थी. हालांकि, सीजेआई ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए साफ कहा कि इस याचिका पर इसी हफ्ते सुनवाई की जाएगी, लेकिन तत्काल सुनवाई की अर्जी को स्वीकार नहीं किया गया.
गौरतलब है कि रामपुर जेल से रिहाई की कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही ईडी की टीम ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक पुराने मामले में आजम खान को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था. गाजियाबाद की विशेष अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है.
इस समय आजम खान गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं. आजम खान के कानूनी सलाहकारों का तर्क था कि उनकी गिरफ्तारी असंवैधानिक और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है, जिसके खिलाफ उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट से तत्काल राहत न मिलने के कारण अब उन्हें इस हफ्ते नियमित सुनवाई का इंतजार करना होगा.