)
हवाई जहाज में सफर करने वाले लोग जानते हैं कि टेकऑफ से पहले कुछ मिनट सेफ्टी से जुड़ी जानकारियां सुनने को मिलती हैं. केबिन क्रू यात्रियों को जरूरी निर्देश देता है और पायलट भी सफर के बारे में जानकारी शेयर करता है. लेकिन अगर यही जानकारी हंसी-मजाक के साथ मिले तो सफर शुरू होने से पहले ही माहौल बन जाता है.
ऐसा ही नजारा डेल्टा एयरलाइंस की एक फ्लाइट में देखने को मिला. यहां पायलट निक ने माइक संभालते ही अपने मजाकिया अंदाज से यात्रियों का ध्यान खींच लिया. उनकी बातें सुनकर प्लेन में बैठे लोग हंसने लगे और कई मौकों पर तालियां भी बजाईं. इस मजेदार अनाउंसमेंट का वीडियो इंस्टाग्राम पर राचेल नाम की एक यात्री ने शेयर किया है. वीडियो को अब तक 40 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. लोग पायलट के अंदाज की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि ऐसे लोग सफर को यादगार बना देते हैं.
पायलट निक ने अनाउंसमेंट की शुरुआत ही कुछ अलग अंदाज में की. उन्होंने यात्रियों को विमान के पिछले हिस्से में बने टॉयलेट के बारे में बताया.खास तौर पर उन्होंने दाईं तरफ बने टॉयलेट का जिक्र किया, जिसमें एक खिड़की भी है. निक ने मजाक में इसे 'नजारे वाला टॉयलेट' बता दिया. इसके बाद उन्होंने कहा कि अगर वह खुद उस टॉयलेट का इस्तेमाल करते तो खिड़की का पर्दा जरूर गिरा देते. क्योंकि पता नहीं, बाहर से कौन उड़ता हुआ आ जाए. उनकी यह बात सुनते ही प्लेन में बैठे यात्रियों की हंसी छूट गई. आमतौर पर पायलट से ऐसी बातें सुनने की उम्मीद किसी को नहीं होती. लेकिन निक ने शुरुआत से ही साफ कर दिया कि उनका अनाउंसमेंट कुछ अलग होने वाला है.
टॉयलेट पर मजाक करने के बाद निक ने प्लेन के इंजन की बात बताई. उन्होंने बताया कि जब प्लेन रनवे की तरफ बढ़ेगा, तब इंजन से कुछ अजीब तरह की आवाजें सुनाई दे सकती हैं. इसके बाद उन्होंने उन आवाजों की तुलना एक बीमार व्हेल की आवाज से कर दी. निक ने मजाकिया अंदाज में कहा कि पंख के पास से आने वाली आवाज ऐसी लग सकती है, जैसे कोई बीमार व्हेल आवाज निकाल रही हो. हालांकि, इससे उन्होंने यात्रियों को यह समझाने की कोशिश की कि ऐसी आवाजें सामान्य हैं और उन्हें सुनकर घबराने की जरूरत नहीं है. लेकिन उनकी इस बात पर भी लोग खूब हंसे. क्योंकि सफर के दौरान इंजन की तेज आवाज कुछ यात्रियों को परेशान कर सकती है, लेकिन निक ने उसी बात को मजाक में बदल दिया.
निक का मजाक सिर्फ टॉयलेट और इंजन तक ही सीमित नहीं रहा. उन्होंने अपनी उड़ान भरने की क्षमता को लेकर भी हल्के-फुल्के अंदाज में बात की. उन्होंने यात्रियों से कहा कि आज वह काफी अच्छा महसूस कर रहे हैं और सभी को उनकी मंजिल तक सुरक्षित पहुंचाने की पूरी कोशिश करेंगे. उन्होंने यह भी मजाक किया कि कोशिश रहेगी कि यात्रियों को तय समय से पहले पहुंचा दिया जाए, हालांकि हर चीज उनके हाथ में नहीं होती. इस दौरान उन्होंने बच्चों के लिए भी एक खास बात कही. निक ने बताया कि प्लेन के उतरने के बाद जो बच्चे कॉकपिट देखना चाहते हैं, वे वहां आ सकते हैं. उन्हें पायलट की सीट पर बैठकर तस्वीर खिंचवाने का मौका भी मिलेगा.
अनाउंसमेंट खत्म करते हुए निक ने डेल्टा एयरलाइंस से सफर करने के लिए सभी यात्रियों का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि उन्हें अपना काम बेहद पसंद है और यात्रियों की वजह से ही उन्हें यह काम करने का मौका मिलता है. इसके लिए वह उनके आभारी हैं. उनकी बातें सुनने के बाद यात्रियों ने तालियां बजाकर खुशी जाहिर की. वीडियो में भी लोगों का उत्साह साफ दिखाई देता है. एक सामान्य प्री-फ्लाइट अनाउंसमेंट देखते ही देखते फ्लाइट का यादगार पल बन गया.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी निक की खूब चर्चा हो रही है. कई यूजर्स ने उनके ह्यूमर की तारीफ की. कुछ लोगों का कहना है कि ऐसे क्रू मेंबर्स लंबी यात्रा को भी मजेदार बना देते हैं. एक यूजर ने लिखा कि यह अंदाज बेहद खास है. वहीं दूसरे ने कहा कि पायलट ने उनका दिन बना दिया. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि विमान में सफर के दौरान सुरक्षा से जुड़ी बातें जरूरी होती हैं, लेकिन उन्हें इस तरह मजेदार तरीके से सुनाना यात्रियों के लिए अच्छा अनुभव बन सकता है.
फ्लाइट में पायलट की पहली जिम्मेदारी यात्रियों को सुरक्षित उनकी मंजिल तक पहुंचाना होती है. सेफ्टी से जुड़े निर्देशों को हल्के में नहीं लिया जा सकता. लेकिन निक ने दिखाया कि जरूरी जानकारी देते हुए भी बातचीत का अंदाज दिलचस्प रखा जा सकता है. उनके अनाउंसमेंट की यही बात लोगों को पसंद आ रही है. प्लेन अभी अपनी मंजिल की ओर रवाना भी नहीं हुआ था, लेकिन पायलट ने यात्रियों के चेहरे पर मुस्कान जरूर ला दी. शायद इसी वजह से उनका वीडियो इतनी तेजी से वायरल हो रहा है.