)
जयपुर पुलिस की गिरफ्त में आए इस आरोपी की कहानी भी थोड़ी अलग है. ये पहले बाइक चोरी करता, रेपिडो में चलाता और पेट्रोल खत्म होते ही उसी इलाके में लावारिस छोड़ देता. सिंधी कैम्प थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है.
बीकानेर से जयपुर पढ़ने आया था युवक
जयपुर में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में सिंधी कैम्प थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए बीकानेर निवासी 24 वर्षीय नीरज पाईवाल को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी जयपुर में कंप्यूटर कोर्स करने आया था, लेकिन नौकरी नहीं मिलने पर रेपिडो चलाने लगा. रेपिडो चलाने के लिए उसने चोरी का रास्ता अपना लिया.
सीसीटीवी की मदद से गिरफ्तारी
बनीपार्क के जोबनेर बाग निवासी भीम सिंह ने 18 अक्टूबर 2026 को सिंधी कैम्प थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, कि उसकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल घर के बाहर से चोरी हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए. फुटेज में ब्राउन कलर की शर्ट पहने एक युवक बाइक चोरी करता नजर आया. पुलिस ने हुलिए के आधार पर तलाश शुरू की और आखिरकार 1 नवंबर को आरोपी नीरज पाईवाल को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया.
पूछताछ में आरोपी नीरज ने जयपुर के अलग-अलग इलाकों से वाहन चोरी करना कबूल किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने प्रताप नगर से एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, मुरलीपुरा और झोटवाड़ा से स्कूटी और सिंधी कैम्प इलाके से मोटरसाइकिल चोरी करना कबूल किया है. आरोपी चोरी के वाहनों को रेपिडो में चलाता था। पेट्रोल खत्म होने पर उसी दिन या अगले दिन वाहन को चोरी वाले इलाके के आसपास ही लावारिस छोड़ देता था. जिससे मामला ज्यादा उछलता नहीं था.आरोपी पुरानी मोटरसाइकिलों को ही निशाना बनाता था. पूछताछ में उसने बताया कि पुरानी बाइक में आसानी से दूसरी चाबी लग जाती है और वो स्टार्ट हो जाती है. इसी तरीके से वो वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है.