)
पुलिस मुख्यालय भवन के पीछे की तरफ गेट नम्बर चार के पास पार्किंग में कारें खड़ी थी. सुबह करीब 11 बजे अचानक काले रंग की थार कार में अचानक आग लग गई. ये देखकर हड़कम्प मच गया. इस बीच थार की आग ने पास खड़ी हेरियर कार को भी चपेट में ले लिया. इसके बाद दोनों कारों से आग की लपटें उठने लगी. वहां आसपास मौजूद लोग भी इकट्ठे हो गए.
इस बीच पुलिस मुख्यालय से कंट्रोल रूम और दमकल को सूचना दी गई. सूचना पाकर ज्योति नगर थाना प्रभारी गुंजन, एसीपी अशोक नगर डॉ पूनम पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे. दोनों दमकलों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका.
ये भी पढ़ें : रेपिडो चलाने के लिए चुराने लगा बाइक, पढ़ने आया था जयपुर बन गया चोर
रजिस्ट्रेशन और आग का अजब संयोग
जानकारी के अनुसार काले रंग की थार पत्रकार कॉलोनी निवासी पूर्णांश गुप्ता की है. कार 31 अक्टूबर 2022 में खरीदी गई थी, जबकि उसका रजिस्ट्रेशन 2 नवम्बर 2022 को हुआ था. आज भी दो नम्बर है और कार में अचानक आग लगी. आग से थार पूरी तरह जलकर राख हो गई. वहीं थार के साथ जली हेरियर कार लक्ष्मी नगर कल्याण कुंज सोडाना निवासी राहुल मीणा की है. ये 5 दिसम्बर 2025 को खरीदी गई थी और 6 दिसम्बर को उसका रजिस्ट्रेशन हुआ था. ये भी पूरी तरह जलकर राख हो गई है.
कार में आग लगने की वजह साफ नहीं
आग के चलते पुलिस मुख्यालय के सामने की रोड से अंडर पास को जोड़ने वाले रास्ते के ट्रैफिक को भी बंद करा दिया गया. एसीपी अशोक नगर डॅा पूनम का कहना है कि आग के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. कारणों का पता लगाया जा रहा है. आग से कारें पूरी तरह खाक हो गई. गनीमत ये रही कि आसपास दूसरा वाहन नहीं था जिससे आग ज्यादा नहीं फैल सकी. कारों के मालिकों का पता लगाया जा रहा है.