उत्तराखंड में ठंड का डबल अटैक: 3,500 मीटर से ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, 9 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में 29 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं.
उत्तराखंड मौसम: उत्तर प्रदेश के बाद अब देवभूमि उत्तराखंड में भी मौसम ने करवट ले ली है. आज, 29 अक्टूबर 2026 को प्रदेश भर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम के असर के कारण राज्य के मैदानी से लेकर पर्वतीय इलाकों तक भारी बारिश, तेज आंधी-तूफान और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम में बदलाव के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है. इसके अलावा, कई जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है.
आज देहरादून में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी देहरादून में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. उपलब्ध पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 अक्टूबर को यहां अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. बादल छाने और बारिश होने की स्थिति में दिन के तापमान में बदलाव महसूस हो सकता है.
9 जिलों में बारिश तो 10 में बिजली-आंधी का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के 9 प्रमुख जिलों-देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. वहीं, देहरादून समेत नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल और ऋषिकेश जैसे क्षेत्रों सहित कुल 10 जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
3500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी की संभावना
पहाड़ों पर बारिश के साथ ही बर्फबारी का दौर भी शुरू होने जा रहा है. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले चोटियों पर बर्फबारी होगी, जिससे बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के आसपास के क्षेत्रों में ठंड काफी बढ़ जाएगी.
तापमान में आएगी भारी गिरावट
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों तक पहाड़ी और मैदानी इलाकों में तेज हवाओं और छिटपुट बारिश का असर रहेगा, जिससे पूरे राज्य के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आएगी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी जाती है.