)
मुंबई के धाकड़ क्रिकेटर मुशीर खान ने रणजी ट्रॉफी में इतिहास रच दिया है. भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान ने हरियाणा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के मैच में पहली पारी में शतक लगाने के बाद गेंदबाजी में 85 रन देकर 6 विकेट लिए. मुशीर खान की शानदार गेंदबाजी की बदौलत मुंबई ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 के मुकाबले में हरियाणा की पूरी टीम को 270 रन पर समेट दिया. यह मैच मुंबई की MCA शरद पवार क्रिकेट अकादमी में खेला जा रहा है.
हरियाणा के खिलाफ बुधवार को मुशीर खान ने एक यादगार ऑलराउंड प्रदर्शन किया. वह रणजी ट्रॉफी के एक ही मैच में शतक लगाने और पांच विकेट हॉल लेने वाले मुंबई के छठे क्रिकेटर बन गए हैं. 21 वर्षीय मुशीर अब उन दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिनमें पूर्व भारतीय कप्तान रवि शास्त्री भी हैं. रवि शास्त्री 1990-91 सीजन में ऐसा कारनामा करने वाले मुंबई के आखिरी खिलाड़ी थे.
मुंबई ने इस मैच में अपनी पहली पारी में 430 रन बनाए. मुशीर खान ने इस दौरान 185 गेंदों पर 109 रनों का योगदान दिया. अंगकृष रघुवंशी ने भी शतक (114 रन) जड़ा, जबकि तनुश कोटियन 52 रन बनाकर नाबाद रहे. इन पारियों की मदद से मुंबई एक मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रही.
हरियाणा की ओर से निशांत सिंधु ने नाबाद 105 रन बनाए, लेकिन मुशीर की लेफ्ट-आर्म स्पिन घातक साबित हुई. उन्होंने मंगलवार को कप्तान अंकित कुमार (35 रन) और हिमांशु राणा (27 रन) को आउट किया था, और बुधवार को वापस आकर हरियाणा के मिडिल और लोअर ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया. मुशीर खान ने धीरू सिंह, यशवर्धन दलाल और पार्थ वत्स को आउट किया, और फिर अमन कुमार को LBW आउट करके अपने 6 विकेट पूरे किए.
हरियाणा की टीम 270 रन पर ऑलआउट हो गई, जिससे मुंबई को पहली पारी में 160 रनों की बढ़त मिल गई. इसके बाद मुंबई ने हरियाणा को फॉलो-ऑन दिया. मुशीर की इस उपलब्धि ने उन्हें मुंबई के उन 5 महान खिलाड़ियों की कतार में खड़ा कर दिया है, जिन्होंने रणजी ट्रॉफी मैच में शतक लगाने और 5 विकेट लेने का कारनामा किया है.
मुंबई के पहले दो मैचों में मुशीर ने चंडीगढ़ के खिलाफ 65 और हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 57 रन बनाए थे. उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और अब हरियाणा के खिलाफ अपनी अच्छी शुरुआत को शतक में बदल दिया. उन्होंने अगस्त में दिलीप ट्रॉफी में भी प्रभावित किया था, जहां उन्होंने वेस्ट जोन के लिए 96 रन बनाए थे. उनके प्रदर्शन से एक रेड-बॉल ऑलराउंडर के रूप में उनके विकास का पता चलता है, और उनकी लेफ्ट-आर्म स्पिन मुंबई को गेंदबाजी का एक अतिरिक्त विकल्प देती है.