)
राजधानी पटना के नगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक सब्जी मंडी में गुरुवार की सुबह अचानक आग लग गई. इस अचानक आग लगने के कारण मंडी में अफरा-तफरी मच गई. आग लगने से मंडी के कई दुकानों को नुकसान हुआ है. इस घटना की सूचना मिलन के बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया गया. हलांकि अग्निशमन विभाग की टीम की तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया. इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
आज सुबह-सुबह आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम को मिली. इसके बाद अनुमंडल अग्निशामालय लोदीपुर, कंकड़बाग, सचिवालय, पटना सिटी समेत 10 जगहों से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. आग बुझाने के लिए कूल 12 दमकल की गाड़ियों की मदद ली गई. दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया.
खेमनीचक सब्जी मंडी का इलाका काफी रिहायशी है. ऐसे में आग आसपास की दुकानों और घरों तक फैल जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था. दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा. उनकी तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया. हालांकि, आग की चपेट में आने से मंडी की कई दुकानों को नुकसान पहुंचा है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.
अनुमंडल के अग्निशमन पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. फिलहाल स्थिति सामान्य है और मंडी की दुकानों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. अग्निशमन विभाग की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. जांच पूरी होने के बाद नुकसान की स्थिति और आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: प्रकाश कुमार सिन्हा