)
उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक मौसम का मिजाज अचानक पूरी तरह बदल गया है. बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का विकराल असर उत्तर प्रदेश पर पड़ने जा रहा है. मौसम विभाग (IMD) ने 29 और 30 अक्टूबर के लिए यूपी के दर्जनों जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. करवाचौथ की सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मौसम ठंडा हो गया है.
चक्रवात अर्नब का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखना शुरू हो गया है. गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में बारिश से लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा है. लोगों की जैकेट निकल आई हैं. बादल छाने और बारिश होने से दिल्ली-NCR तथा उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में कमी आने की संभावना है. करवाचौथ की शाम को चांद के दीदार करने में मुश्किल हो सकती है.
पूर्वी यूपी में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा 40-50 KM की तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी है.जो जिले प्रभावित होंगे वो हैं, वाराणसी, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, गाजीपुर, बलिया, जौनपुर, प्रयागराज, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर.
पूर्वांचल, अवध और तराई बेल्ट में मौसम खराब रहेगा. गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, गोंडा, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, आजमगढ़, मऊ, बरेली, पीलीभीत में बारिश की संभावना है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजधानी लखनऊ में 29 और 30 अक्टूबर को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ छिटपुट से मध्यम बारिश की संभावना है. लगातार बादलों की आवाजाही से दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आएगी.
किसानों को सलाह है कि कटी हुई फसल और अनाज को सुरक्षित जगह रखें. बिजली चमकने पर खुले खेत और पेड़ों से दूर रहें. पशुओं को सुरक्षित शेड में रखें.