App

गाजियाबाद में बड़ा एनकाउंटर: 1 लाख का इनामी बावरिया गैंग का बदमाश धर्मेंद्र टिंडा ढेर, 3 पुलिसकर्मी भी घायल

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने एक सनसनीखेज एनकाउंटर में एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश धर्मेंद्र टिंडा उर्फ टिड्डी को ढेर कर दिया है.

गाजियाबाद में बड़ा एनकाउंटर: 1 लाख का इनामी बावरिया गैंग का बदमाश धर्मेंद्र टिंडा ढेर, 3 पुलिसकर्मी भी घायल
Image Credit: Ghaziabad Encounter

गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश धर्मेंद्र टिंडा उर्फ टिड्डी को एनकाउंटर में मार गिराया है. धर्मेंद्र बावरिया गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है. मुठभेड़ के दौरान 30 राउंड से ज्यादा गोलियां चलने की जानकारी सामने आई है.  इस दौरान तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि बदमाश के दो साथी मौके से फरार हो गए.  बागपत और पश्चिमी यूपी में आतंक का पर्याय बन चुके इस बदमाश पर हत्या, डकैती, लूट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे.

गंगा नहर के पास हुई मुठभेड़

मिली जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र टिंडा बागपत से आपराधिक वारदात के इरादे से गाजियाबाद आ रहा था. पुलिस को उसके साथ दो अन्य लोगों के होने की पक्की सूचना मिली थी.  इसके बाद पुलिस ने गंग नहर के पास जंगल वाले इलाके में घेराबंदी की. पुलिस के मुताबिक, जब टीम ने मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया, तो धर्मेंद्र और उसके साथियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने धर्मेंद्र टिंडा को मार गिराया. मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि उसके दोनों साथी फरार होने में सफल रहे.

30 राउंड से ज्यादा चली गोलियां, तीन पुलिसकर्मी जख्मी

पुलिस पर अचानक हुए हमले के बाद जवाबी कार्रवाई की गई. दोनों तरफ से हुई इस भीषण मुठभेड़ में 30 राउंड से ज्यादा गोलियां चलीं. इस दौरान कुख्यात धर्मेंद्र टिंडा पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, इस मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है.

जालौन में 25 हजार के इनामियां बदमाश से पुलिस की मुठभेड़

जालौन में पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई के दौरान बदमाश आजाद खां के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया. पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने 2 महीने पहले बस में सफर कर रही एक महिला का बैग चोरी कर लिया था, जिसमें कैश और जेवरात थे.  इस वारदात के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. पकड़ा गया इनामी बदमाश आजाद खां औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र का रहने वाला है.  उसके खिलाफ गैंगस्टर समेत 16 मुकदमे दर्ज हैं और वह औरैया में गैंगस्टर एक्ट में भी वांछित था. यह पूरी मुठभेड़ जालौन कोतवाली क्षेत्र के जालौन-कोंच रोड स्थित डीडी मेमोरियल स्कूल के पास हुई.

बदमाश के पास से क्या मिला

पुलिस ने बदमाश के पास से 1 तमंचा, 3 जिंदा कारतूस, 9500 रुपये कैश और एक बाइक बरामद की है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More