App

पाकिस्तान में हादसाः सिंध में एक एंबुलेंस में विस्फोट, 8 लोगों की मौत, 5 से ज्यादा घायल

सिंध प्रांत में एक एंबुलेंस में हुए विस्फोट से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बुधवार (28 अक्टूबर) की देर रात को हुआ.

पाकिस्तान में हादसाः सिंध में एक एंबुलेंस में विस्फोट, 8 लोगों की मौत, 5 से ज्यादा घायल
Image Credit: पाकिस्तान में हादसाः सिंध में एक एंबुलेंस में विस्फोट, 8 लोगों की मौत, 5 से ज्यादा घायल (Photo- APF)

पाकिस्तान के सिंध प्रांत से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां एक एंबुलेंस में हुए विस्फोट से 8 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है. हादसे में 5 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बुधवार (28 अक्टूबर) की देर रात को हुआ. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंध प्रांत के थारपारकर जिला में डैनो धंडल स्थित बेसिक हेल्थ यूनिट (BHU) में खड़ी एंबुलेंस में बुधवार रात 10 बजे अचानक से विस्फोट हो गया. बताया जा रहा है कि एंबुलेंस का सिलेंडर फटने से ब्लास्ट हुआ. इस घटना में 8 लोग जिंदा जल गए, जबकि 5 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से झुलस गए.

हादसे में मरने वालों की नहीं हो सकी पहचान

इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय प्रशासन के साथ हेल्थ इमरजेंसी, रेस्क्यू 1122 और नगर अधिकारियों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया है. पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. 

इस हादसे को लेकर थारपारकर के असिस्टेंट कमिश्नर ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि हादसे में मरने वालों की पहचान करने की कोशिशें जारी हैं. 

घटना पर स्थानीय प्रशासन ने क्या कहा?

असिस्टेंड कमिश्नर ने बताया कि मृतकों में अस्पताल के चार कर्मचारी, एक महिला और एक नवजात शिशु शामिल हैं. उनके शव बुरी तरह जल गए हैं और उनकी पहचान करने की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर राहत कार्य तेजी से चल रहा है. 

उन्होंने कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने और प्रभावित लोगों को मदद पहुंचाने के लिए प्रशासन हर जरूरी कदम उठा रहा है. घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराने के बाद मृतकों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि यह घटना डैनो धंडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में खड़ी एक एम्बुलेंस में हुई.

सितंबर में एम्बुलेंस पर हुआ था हमला

इससे पहले उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में आतंकियों ने एक एम्बुलेंस को निशाना बनाते हुए जमकर गोलीबारी की थी. इस घटना में एक युवक की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे. इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान आतंकी संगठन ने ली थी. पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले की निंदा की थी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More