)
स्पेन में बड़ा हादसा सामने आया है. बुधवार को वहां पर दो हाई-स्पीड ट्रेनें आपस में टकरा गईं, जिनमें 39 लोगों की मौत की खबर है. जबकि काफी लोग घायल हो गये हैं. यह हादसा टोलेडो प्रांत में मैड्रिड-अंडालूसिया हाई-स्पीड लाइन पर तब हुआ, जब रेनफे और इर्यो की एक ट्रेन आपस में पीछे से टकरा गईं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कम से कम दो डिब्बे पटरी से उतरकर एक ढलान से नीचे जा गिरे. यह पांचवीं बार है, जब स्पेन में इस साल बड़े ट्रेन हादसे हुए हैं.
रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजर 'ADIF' के अनुसार, यह हादसा बुधवार सुबह करीब 9 बजे मध्य स्पेन के टोलेडो प्रांत में मोरा, ओर्गाज़ और उरदा कस्बों के बीच हुआ. इस दुर्घटना में सरकारी कंपनी 'रेनफे' (Renfe) और एक अन्य निजी कंपनी 'इर्यो' (Iryo) की ट्रेनें आपस में टकरा गईं.
घटना के वक्त दोनों ट्रेनें राजधानी मैड्रिड को दक्षिणी स्पेन के अंडालूसिया प्रांत के सेविले शहर से जोड़ने वाले मार्ग पर चल रही थीं. इस भीषण टक्कर के वजह से मैड्रिड को अंडालूसिया से जोड़ने वाली हाई-स्पीड रेल लाइन की सभी सेवाओं को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है.
वहीं, स्पेन के पब्लिक प्रॉडकास्टर RTVE ने घटना की असल वजहों से पर्दा हटाया है. RTVE के अनुसार, दोनों ट्रेनें एक ही दिशा में जा रही थीं. उनमें से एक की स्पीड कुछ कम तेज थी. जबकि, दूसरी ट्रेन तेज गति से आगे बढ़ रही थी. पीछे से आई हाई स्पीड ट्रेन ने आगे जा रही ट्रेन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
इस टक्कर की वजह से अगली ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरकर ढलान से नीचे जा गिरे. जिससे उनमें बैठे 39 लोगों की मौत हो गई. जबकि काफी लोग बुरी तरह घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और रेलवे तंत्र सन्न रह गया. तुरंत ही मेडिकल टीमों के साथ पुलिस और फायर ब्रिगेड को मौके की ओर रवाना किया गया.
बचाव कर्मियों ने ध्वस्त हो चुके डिब्बों को काटकर लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. साथ ही मृतकों की पहचान के लिए उन्हें मॉर्चुरी पहुंचाया गया. देश के प्रधानमंत्री ने इस घटना को गंभीर बताते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं. साथ ही मृतकों और घायलों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर करते हुए घटना पर दुख जताया है.