)
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित जिंतुगड़ा गांव में बुधवार तड़के एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई. घर के अंदर शाल्मी सिंकु का शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया. आरोप है कि महिला के पति मांगील सिंकु ने बुधवार सुबह करीब चार बजे गैंता से वार कर उसकी हत्या कर दी. वहीं, पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने छानबीन की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया. जिंतुगड़ा गांव जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकु का पैतृक गांव है.
दरअसल, घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस समय हुआ, जब गांव के निवासी सुब्बल सिंकु के मोबाइल पर शाल्मी सिंकु के परिचित का फोन आया. उनसे शाल्मी सिंकु से बात करने को कहा गया. इसके बाद सुब्बल उसके घर पहुंचे. कई बार आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने दरवाजा खोलकर देखा. घर के अंदर शाल्मी सिंकु का शव पड़ा था. यह दृश्य देखते ही इलाके में सनसनी फैल गई.
घटना की जानकारी मिलने के बाद सुब्बल सिंकु ने ग्रामीण मुंडा सोमनाथ सिंकु को इसकी सूचना दी. ग्रामीण मुंडा ने तत्काल जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास को मामले से अवगत कराया. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. विधायक सोनाराम सिंकु को भी घटना की जानकारी दी गई. वह भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
विधायक ने अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए घटना की निंदा की. उन्होंने कहा कि इस तरह का अपराध समाज में बिलकुल बर्दाश्त करने योग्य नहीं है. जिसने भी इस घट्न को अंजाम दिया है उसपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने इस घटना के लिए नशापान भी बड़ी वजह माना है और इससे लोगों को जागरूक करने की भी मांग की है.
इधर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की. प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मृतका के पति मांगील सिंकु को हिरासत में लिया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच के क्रम में पति पर ही हत्या करने का आरोप सामने आया है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया. मामले में मृतका के पति मांगील सिंकु को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फिलहाल, हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: आनंद प्रियदर्शी