App

21 साल की उम्र में सरपंच मेवा कुमारी: गांव की महिलाओं के लिए करना चाहती हैं ये काम

सिरोही की जामठा ग्राम पंचायत की 21 वर्षीय नवनिर्वाचित सरपंच मेवा कुमारी हीरागर ने विपरीत आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद जीत हासिल कर मिसाल पेश की है. वे गांव में पेयजल समस्या दूर करने और बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए काम करना चाहती हैं.

21 साल की उम्र में सरपंच मेवा कुमारी: गांव की महिलाओं के लिए करना चाहती हैं ये काम
Image Credit: सरपंच मेवा कुमारी

कहते हैं कि परिस्थितियां इंसान के सपनों को रोक सकती हैं, लेकिन उसके हौसलों को नहीं. इसकी मिसाल हैं जामठा ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच मेवा कुमारी हीरागर, जिन्होंने महज 21 वर्ष की उम्र में जीत हासिल कर गांव के नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली है.

आर्थिक परिस्थितियों के कारण मेवा कुमारी अपनी पढ़ाई आगे जारी नहीं रख पाईं, लेकिन जिंदगी की चुनौतियों ने उनके हौसले को कमजोर नहीं होने दिया. पहली बार मतदान करने वाली मेवा कुमारी ने न केवल लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाई, बल्कि पांच प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़कर सरपंच पद पर जीत भी हासिल की. उनकी इस जीत ने साबित कर दिया कि नेतृत्व के लिए केवल बड़ी डिग्री नहीं, बल्कि लोगों का विश्वास और कुछ कर गुजरने का जज्बा भी जरूरी है.

महिलाओं को राहत देना मेवा कुमारी की प्राथमिकता 
मेवा कुमारी के सामने चुनौतियां कम नहीं हैं. गांव में महिलाओं के लिए पानी की समस्या को दूर करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ वे गांव की बालिकाओं की शिक्षा के लिए भी काम करना चाहती हैं, ताकि आर्थिक मजबूरियां किसी बेटी के सपनों के रास्ते में बाधा न बनें.

आर्थिक मजबूरियों के बावजूद आगे बढ़ीं मेवा कुमारी 
एक साधारण परिवार से निकलकर गांव की सबसे कम उम्र की सरपंचों में शामिल होने तक का उनका सफर उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद आगे बढ़ने का सपना देखती हैं.

स्वच्छ पानी और शिक्षा पर रहेगा फोकस 
मेवा कुमारी के सामने सबसे बड़ी चुनौती-जनता के भरोसे को विकास में बदलना. गांव को स्वच्छ पानी मिले, बेटियों को शिक्षा के अवसर मिलें, यही उनके नेतृत्व की असली परीक्षा होगी क्योंकि यह सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि उन सपनों की शुरुआत है, जो अब पूरे गांव ने मेवा कुमारी के साथ देखे हैं.  

दूसरे चरण का मतदान जारी, केंद्रों पर उमड़े मतदाता 
सिरोही जिले में पंचायत राज चुनाव के दूसरे चरण के तहत बुधवार को मतदान जारी है. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ रही है और लोगों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. सांसद लुंबाराम चौधरी ने वाड़ेली बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. जिले में कुल 353 बूथों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान चल रहा है, जबकि 19 क्रिटिकल बूथों पर सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

दोपहर 3 बजे तक जिले की चार पंचायत समितियों में पिण्डवाड़ा में सर्वाधिक 48.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. वहीं, सिरोही में 47.91 प्रतिशत, रेवदर में 47.71 प्रतिशत और भावरी में 47.15 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. फिलहाल जिले की चारों पंचायत समितियों में मतदान प्रक्रिया जारी है. मतदान समाप्त होने के बाद अंतिम आंकड़े सामने आएंगे. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More