)
चौमूं के मोरिजा गांव में पंच-सरपंच चुनाव के दौरान हुए उपद्रव के मामले में अब प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है. मामले में मोरिजा के पूर्व सरपंच मंगल सैनी और सुरेश सैनी सहित दो लोगों को नामजद करते हुए 100 से 150 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था.
अवैध निर्माणों को किया जा रहा है चिह्नित
वहीं, उपद्रव में शामिल लोगों के अवैध निर्माणों को भी चिह्नित किया जा रहा है. इसी कड़ी में मोरिजा रोड स्थित मंदिर माफी की जमीन पर बने होटल और खुशबू होटल के पास चल रहे कथित अवैध निर्माण को लेकर प्रशासन कार्रवाई की तैयारी में है. बताया जा रहा है कि होटल संचालक और अवैध निर्माण करने वाले पक्ष को पहले ही नोटिस दिया जा चुका है.
29 अक्टूबर तक अवैध निर्माण हटाने का अल्टीमेटम
मामले को लेकर एसडीएम अजीत सिंह और तहसीलदार डॉ. विजयपाल विश्नोई मौके पर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने मौका मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया. प्रशासन ने 29 अक्टूबर तक अवैध निर्माण हटाने का अल्टीमेटम दिया है.
बृजलालपुरा मतदान केंद्र पर प्रत्याशियों के समर्थकों में कहासुनी
झुंझुनूं जिले में आज 6 पंचायत समितियों में मतदान की प्रक्रिया जारी है. चिड़ावा पंचायत समिति क्षेत्र के गांव बृजलालपुरा स्थित मतदान केंद्र पर प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. इससे मतदान केंद्र पर मौजूद मतदाताओं में हलचल मच गई और कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही मतदान केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और विवाद कर रहे लोगों को नियंत्रित किया. पुलिसकर्मियों ने सख्ती बरतने के साथ समझाइश कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई.
पुलिस की सतर्कता के बीच मतदान जारी
पुलिस की तत्परता से मामला शांत होने के बाद मतदान प्रक्रिया फिर से सुचारु रूप से जारी रही. घटना के बाद पुलिस ने मतदान केंद्र पर व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बरती.
भीलवाड़ा की जहाजपुर में जले हुए मतपत्र मिलने से मचा हड़कंप
भीलवाड़ा की जहाजपुर पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत रूणिया बरड़ा में जले हुए मतपत्र मिलने का मामला सामने आने के बाद मौके पर हलचल मच गई. सरपंच प्रत्याशी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सूचना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई है और प्रशासन के पहुंचने की सूचना है. प्रत्याशी ने जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि वे पिछले 20 वर्षों से विधायक के करीबी रहे, लेकिन उनके साथ दगा किया गया. प्रत्याशी के इन आरोपों के बाद मामला चर्चा में आ गया है.

बताया जा रहा है कि रूणिया बरड़ा ग्राम पंचायत पहले विधायक की ग्राम पंचायत सरसिया से अलग होकर बनी थी. जले हुए मतपत्र मिलने की घटना ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सबसे बड़ा सवाल - जले हुए मतपत्र कहां से आए, इन्हें किसने जलाया और क्या इनका पंचायत चुनाव से कोई संबंध है? इन सवालों का जवाब प्रशासनिक जांच के बाद ही सामने आएगा. फिलहाल, मामले में जले हुए मतपत्रों की वास्तविकता और प्रत्याशी के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है. प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट होगी.