App

ईरान-US युद्ध और सऊदी-हूती संघर्ष की चपेट में आ रहे भारतीय, अब तक 22 इंडियन की गई जान, जानिए MEA ने क्या बताया

पश्चिम एशिया में चल रहे विभिन्न सैन्य संघर्षों में अब तक 22 भारतीयों की जान जा चुकी है. जान गंवाने वालों में 14 वे नाविक हैं, जो मालवाहक जहाजों पर सामान लेकर एक देश से दूसरे देश जा रहे थे.

ईरान-US युद्ध और सऊदी-हूती संघर्ष की चपेट में आ रहे भारतीय, अब तक 22 इंडियन की गई जान, जानिए MEA ने क्या बताया
Image Credit: भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (फाइल फोटो)

भारत ने पश्चिम एशिया में ईरान-यूएस और सऊदी अरब-हूती विद्रोहियों के बीच चल रहे गंभीर तनाव पर गहरी चिंता जताई है. इन तनावों की चपेट में आकर अब तक 22 भारतीय भी जान गंवा चुके हैं. भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों की मदद के लिए सरकार लगातार उनके संपर्क में है और उन्हें हरसंभव तरीके से मदद दी जा रही है.

पश्चिम एशिया संघर्ष में 22 भारतीयों की जान गई- MEA

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध में हमने जिन लोगों को खोया है, उस पर मैं पहले भी बता चुका हूं कि हम इस संघर्ष को लेकर बहुत चिंतित हैं. अब तक इस संघर्ष में 22 भारतीय नागरिकों की जान गई है, जिनमें 14 नाविक (सीफेयरर्स) शामिल हैं. हम वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लगातार संपर्क में हैं, ताकि उनकी सुरक्षा और भलाई के लिए हर संभव मदद की जा सके.'

जायसवाल ने आगे कहा, 'हम पश्चिम एशिया के हालातों पर नजर रखे हुए हैं. इसका भारत और वहां के बीच चलने वाली उड़ानों पर क्या असर पड़ेगा, यह कहना अभी मुश्किल है. मुझे ठीक से नहीं पता कि नागरिक उड्डयन प्राधिकरण को किन तकनीकी पहलुओं को देखना है, लेकिन हम आपको इस बारे में जानकारी देंगे. मुझे लगता है कि अगर सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं, तो वे दोनों जगहों के बीच चलती रहेंगी.'

भारत-EU FTA पर चल रही फाइनल बातचीत

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, 'मैं भारत-EU FTA यानी मुक्त व्यापार समझौता के बारे में बात करना चाहूंगा. जैसा कि मैंने पहले बताया है, दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो चुकी है. अब हम दोनों देशों के बीच प्रक्रियात्मक मुद्दों पर काम कर रहे हैं. दोनों देशों के बीच यह सहमति है कि FTA पर जल्द से जल्द, यानी साल के अंत तक हस्ताक्षर हो जाने चाहिए, ताकि इसे जल्द से जल्द लागू किया जा सके.'

भारत और पाकिस्तान से संबंधों  को लेकर जुड़े सवाल पर जायसवाल ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद,'हमारी एक पाकिस्तान नीति है. वह पाकिस्तान नीति अभी भी लागू है. इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है.'

पाकिस्तान को SCO की बैठक के आमंत्रण पर MEA प्रवक्ता ने कहा कि यह एक बहुराष्ट्रीय संगठन है. लिहाजा इसकी बैठक के लिए प्रोटोकॉल के तहत पाकिस्तान समेत सभी सदस्य देशों को न्योता भेजा गया है. बताते चलें कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार किसी कार्यक्रम के लिए पाकिस्तान को आमंत्रण भेजा गया है. SCO विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद पहली बार पाकिस्तान के बड़े मंत्री को भारत ने निमंत्रित किया है.

'इजरायल के साथ संबंध आगे भी बेहतर बने रहेंगे'

इजरायल के चुनाव पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि इजरायल के साथ भारत के अच्छे संबंध है और आगे भी वे बेहतर बने रहेंगे. फिलहाल सभी को चुनाव के नतीजों का इंतजार करना चाहिए.

क्वाड समिट को लेकर पूछे गए सवाल पर रणधीर जायसवाल ने कहा कि अमेरिका के अटलांटा में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक होगी. इसमें विदेश मंत्री जयशंकर हिस्सा लेंगे. वे अटलांटा में होने वाली G-20 के विदेश मंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More