)
SIR और वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार बीजेपी और सरकार पर हमलावर हैं. कांग्रेस देशभर में इस मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रही है. वहीं, अब बीजेपी भी सड़कों पर उतरकर SIR के फायदे जनता को बताने जा रही है. राजस्थान में बीजेपी के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत संभाग स्तर पर पदयात्राओं का आयोजन किया जाएगा. इन पदयात्राओं में मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री और पार्टी के बड़े नेता शामिल होंगे.
BJP का लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान
बीजेपी संभागवार निकालेगी पदयात्राएं
सभी संभागों की पदयात्राओं में शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री और बड़े नेता
पहले होगी जनसभा और फिर निकाली जाएगी पदयात्रा
30 अक्टूबर को अलवर और कोटा में होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का कोटा में कार्यक्रम प्रस्तावित
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अलवर में पदयात्रा में होंगे शामिल
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव 5 नवंबर को रहेंगे जयपुर
संभाग स्तर पर पदयात्राओं के जरिए जनता तक पहुंचेगी बीजेपी
बीजेपी के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत अब प्रदेश में संभाग स्तर पर बड़े आयोजन होंगे. पदयात्राओं के जरिए बीजेपी जनता के बीच पहुंचेगी और SIR के फायदों के बारे में जानकारी देगी. अभियान के तहत सबसे पहले 30 अक्टूबर को बीजेपी की ओर से कोटा और अलवर में 'लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ' अभियान के तहत बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
30 अक्टूबर को कोटा और अलवर में आयोजन
कोटा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कार्यक्रम की कमान संभालेंगे, जहां उनके साथ बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद रहेंगे. वहीं, अलवर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पदयात्रा में शामिल होंगे. दोनों शहरों में सभा और पदयात्रा के जरिए अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा. वहीं, 5 नवंबर को जयपुर में पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा. इसमें केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव शामिल होंगे.
जनसंपर्क अभियान से जवाब देगी बीजेपी
कुल मिलाकर, SIR और वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस के लगातार हमलों के बीच बीजेपी अब जनसंपर्क के जरिए अपना पक्ष जनता के सामने रखेगी. संभाग स्तर पर होने वाली पदयात्राओं के जरिए पार्टी इस अभियान को प्रदेशभर में आगे बढ़ाएगी.
SIR और वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस का बीजेपी पर हमला
बता दें राजस्थान में भी कांग्रेस ने SIR के दौरान मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाने के लिए कथित तौर पर फर्जी या गलत दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा किए गए. बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मतदाता सूची में फर्जी और दोहरी प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया में बाधा नहीं डालनी चाहिए.