)
श्रीगंगानगर शहर में खाद्य पदार्थों की जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम और भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के बीच विवाद हो गया. टीम ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत एसएसबी रोड स्थित राजस्थान वैरायटी स्टोर पर जांच करने पहुंची थी. इसी दौरान विधायक भी मौके पर पहुंच गए. महिला फूड इंस्पेक्टरों ने विधायक पर दुर्व्यवहार, धमकी देने और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं. वहीं, विधायक ने स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई को अनुचित बताते हुए अधिकारियों पर लोगों को परेशान करने और वसूली करने के आरोप लगाए. विवाद के बाद टीम बिना सैंपल लिए लौट गई.
ऑनलाइन शिकायत के बाद जांच करने पहुंची टीम
फूड इंस्पेक्टर नित्या शर्मा और मंजू बाला के मुताबिक, राजस्थान वैरायटी स्टोर पर एक्सपायरी डेट के उत्पाद बेचे जाने की ऑनलाइन शिकायत मिली थी. इसके आधार पर टीम जांच करने पहुंची. दुकान के पीछे काजू, बादाम और अन्य ड्राई फ्रूट्स की पैकिंग की जा रही थी. टीम का आरोप है कि इन पैकेटों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी. फूड इंस्पेक्टरों ने बताया कि स्टोर संचालक अतुल अग्रवाल ने उन्हें जांच करने से मना कर दिया और विधायक को फोन कर दिया. इसके बाद विधायक मौके पर पहुंचे और उनके साथ विवाद हुआ.
महिला फूड इंस्पेक्टरों ने लगाए गंभीर आरोप
स्वास्थ्य विभाग की टीम के कर्मचारियों का आरोप है कि विधायक ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और राजकार्य में बाधा पहुंचाई. टीम ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक ने उनकी गाड़ी की चाबी निकालने की कोशिश की, ताकि अधिकारियों को पैदल जाना पड़े. महिला फूड इंस्पेक्टरों ने धमकाने के आरोप भी लगाए हैं. विवाद के बाद टीम बिना सैंपल लिए वहां से लौट गई. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले को लेकर जिला कलेक्टर और एसपी को लिखित शिकायत दी है.
विधायक बोले- कार्रवाई की परमिशन नहीं थी
विधायक जयदीप बिहाणी ने स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि शहर में नाजायज कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उनके मुताबिक, टीम के पास कार्रवाई की परमिशन नहीं थी. उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों को जांच के लिए परमिशन की जरूरत नहीं है, तो विधायक भी कहीं जाकर दखल दे सकता है. बिहाणी ने कहा कि गंगानगर की जनता ने उन पर भरोसा जताया है और वह लोगों को परेशान नहीं होने देंगे. उन्होंने ड्राई फ्रूट्स के खुले डिब्बों और पैकिंग को लेकर सैंपल लेने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए.
गाड़ी की चाबी निकालने के आरोप पर भी दिया जवाब
विधायक ने अधिकारियों से एफसीआई के गोदामों में रखे पुराने गेहूं की जांच करने की बात कही. उन्होंने दावा किया कि वहां सालों पुराना गेहूं रखा है. गाड़ी की चाबी निकालने के आरोप पर बिहाणी ने कहा कि वह खुद अपनी गाड़ी नहीं चलाते, ऐसे में किसी दूसरे की गाड़ी की चाबी निकालने का सवाल ही नहीं उठता. उन्होंने सवाल किया कि अगर उन्होंने चाबी निकाल ली होती, तो टीम वहां से कैसे चली जाती. फिलहाल, इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम की शिकायत और विधायक की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच विवाद सामने आया है.