)
'बिग बॉस 20' का खेल जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, घर के अंदर का पारा और घरवालों के बीच का तनाव दोनों ही सातवें आसमान पर पहुंच चुके हैं. फिलहाल माही विज की कप्तानी का समय खत्म होने वाला है और ऐसे में नए कैप्टन को चुनने के लिए घर में एक बार फिर घमासान मचने वाला है. अपकमिंग एपिसोड का नया प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया पर खलबली मच गई है, क्योंकि इस बार कैप्टनसी का टास्क हंसी-खुशी की बजाए एक खतरनाक लड़ाई में बदलता हुआ दिखाई दे रहा है.
इस बार बिग बॉस ने कप्तानी के टास्क के लिए घर के अंदर अलग-अलग शेप्स रखे हैं, जिन पर अलग-अलग नंबर्स लिखे हुए हैं. खेल का नियम बहुत साफ था कि बिग बॉस जैसे ही किसी नंबर का ऐलान करेंगे, घरवालों को तुरंत दौड़कर उस आकार पर अपनी जगह बनानी होगी, जो भी कंटेस्टेंट उस जगह से नीचे उतरा या खिसका, वो सीधा इस रेस से बाहर हो जाएगा. अब जहां गेम में जगह बचाने की होड़ हो, वहां खींचातानी और धक्का-मुक्की न हो, ऐसा तो बिग बॉस के घर में हो ही नहीं सकता है.
टास्क के दौरान माहौल उस समय पूरी तरह से बदल गया, जब स्काउट ने गुल्लू को खींचकर शेप्स से नीचे गिरा दिया. इसके बाद यंग ने तंज कसते हुए स्काउट से कहा, 'बैल बुद्धि को एक नंबर खींचा है.' इस पर गुल्लू ने जवाब दिया, 'मच्छर पहले ही भग गया भाई.' बात यहीं खत्म नहीं हुई, यंग ने भी तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे कितने ही केले खाकर छोड़े हैं.
ये बात उस समय और बिगड़ गई, जब गुल्लू ने यंग के बालों का मजाक उड़ाते हुए कहा, 'ये जो चाउमीन लटक रही है तेरे सर पर, एक थप्पड़ के साथ ही झड़ जाएगी...' इसके तुरंत बाद गुल्लू गुस्से में यंग की तरफ आगे बढ़ते हैं और दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू जाती है. बाकी घरवालों ने बीच-बवंडर में आकर किसी तरह दोनों को अलग किया.
इस प्रोमो के रिलीज होते ही सोशल मीडिया यूजर्स और फैंस मेकर्स पर भड़क उठे हैं.वो तुरंत पुराने उस वाकये को याद करने लगे, जब इसी सीजन में नकुल धूल को हिंसा के नियमों का उल्लंघन करने की वजह से रातों-रात घर से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था. नकुल ने भी पहले गुल्लू के साथ ही हाथापाई की थी, जिसके चलते उन्हें रेड कार्ड मिला था. अब पब्लिक सोशल मीडिया पर यही सवाल पूछ रही है कि जब नकुल के लिए नियम कड़े थे, तो वही रूल्स गुल्लू और यंग के लिए क्यों नहीं फॉलो किए जा रहे हैं?
इंटरनेट पर ऑडियंस मेकर्स पर पक्षपात का आरोप लगा रहे हैं. लोग साफ कह रहे हैं कि अगर गुल्लू ने हाथापाई की है, तो उन्हें भी तुरंत घर से बाहर किया जाना चाहिए. एक यूजर ने लिखा कि नकुल जैसा ही न्याय होना चाहिए, तो वहीं कई फैंस तो यहां तक मांग कर रहे हैं कि या तो गुल्लू को बाहर निकालो या फिर शो में नकुल धूल को वापस लेकर आओ. फैंस का गुस्सा इस बात पर ज्यादा है कि हिंसा के नियमों को लेकर मेकर्स अलग-अलग नीति क्यों अपना रहे हैं.

एक तरफ जहां टास्क ने घर में नफरत और तनाव की आग लगाई, तो वहीं दूसरी तरफ कुछ रिश्तों के बीच चीजें सुलझती हुई दिखाई दीं. एपिसोड में स्काउट और काजी के बीच लव को लेकर गंभीर बातचीत हुई. काजी ने स्काउट को समझाया कि उन्हें लव से पूरी तरह दूरी नहीं बनानी चाहिए. दोस्तों द्वारा समझाने के बाद स्काउट ने आगे बढ़कर लव से बातचीत की. शुरुआत में लव ने थोड़ा नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन बाद में दोनों ने आपसी मतभेद खत्म करते हुए खुलकर बात की और अपने बीच की दूरियों को कम किया.