)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चक्रवात 'अर्नब' का असर अब लगभग खत्म हो गया है. रविवार को विंध्य क्षेत्र को छोड़कर पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा. मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार 2 नवंबर को पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह हल्के से मध्यम कोहरा दिखाई दिया. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 दिन में दिन के तापमान में 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है, वहीं रात का पारा 2 से 4 डिग्री तक नीचे जा सकता है.यानी दिन में धूप पड़ रही और रातें ठंडी होना शुरू हो गई है.
राजधानी में आज सुबह बादल छाए रह सकते हैं, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होगा. अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. बात करें तापमान की तो रविवार को लखनऊ में अधिकतम 25.1 और न्यूनतम 21.4 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 6.3 डिग्री कम था.
नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ में मौसम शुष्क रहेगा. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत में आज बारिश की संभावना नहीं है. सुबह हल्का कोहरा रह सकता है.
कानपुर और प्रयागराज में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. 31 अक्टूबर को कानपुर में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री कम रहा, जबकि प्रयागराज में 5 डिग्री से ज्यादा नीचे दर्ज हुआ. कल की बात करें तो रात का तापमान दोनों जगह सामान्य से अधिक रहा.
वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर और आसपास के जिलों में आज हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. सुबह कोहरा भी रहा. 31 अक्टूबर को वाराणसी में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री से ज्यादा कम था।
आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, झांसी और बरेली मंडल में मौसम शुष्क रहेगा. 31 अक्टूबर को आगरा के ताज क्षेत्र में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज हुआ था, वहीं 1 नवंबर को मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम पारा 14.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
2 नवंबर: पश्चिमी यूपी शुष्क, पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश
3 से 7 नवंबर: पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान, बारिश की संभावना नहीं.
मौसम विभाग ने 1 से 7 नवंबर तक के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है. यानी भारी बारिश या आंधी का अलर्ट नहीं है, लेकिन सुबह कोहरे को लेकर सावधानी बरतें.