)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है. चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर खत्म होने के बाद अब प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ और सामान्य रहने वाला है. हालांकि पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में बादल और हल्की बारिश का दौर चल सकता है, जबकि पश्चिमी यूपी में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक आज 1 नवंबर को प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश या तेज आंधी को लेकर कोई अलर्ट नहीं है. दिन में धूप खिली रहेगी, लेकिन सुबह-शाम तापमान गिरने से ठंड का अहसास बढ़ गया है. कई इलाकों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा भी छा सकता है.
स्थानीय मौसमी सिस्टम के चलते पूर्वी यूपी में छिटपुट बारिश की संभावना है. गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और बलिया में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं. इसके अलावा वाराणसी, गाजीपुर, मऊ और चंदौली में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है. बाकी जिलों में मौसम साफ रहने से किसानों को कटी धान की फसल सुखाने में आसानी होगी.
पश्चिमी यूपी में आज मौसम साफ रहेगा. दिन में तेज धूप निकलेगी, लेकिन सुबह कोहरा परेशान कर सकता है. रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है. मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री, नजीबाबाद में 15 डिग्री और मेरठ में 15.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है. यानी पश्चिम में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है.
राजधानी लखनऊ में आज आंशिक बादल छाए रहेंगे, साथ ही धूप भी निकलेगी. अधिकतम तापमान 27 से 31 डिग्री और न्यूनतम 21 से 22 डिग्री के आसपास रहेगा. दोपहर बाद कहीं-कहीं हल्की बौछार की संभावना है.
अगले 3 दिनों में दिन के तापमान में 5 से 7 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि अगले 4-5 दिनों में रात का पारा 2 से 4 डिग्री तक और नीचे आएगा. यानी दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम ठंड का डबल अहसास रहेगा. फिलहाल प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश या आंधी-तूफान का अलर्ट नहीं है.