App

सावधान: यूपी में चक्रवात के असर से झमाझम बारिश-आंधी का दौर जारी, जानें नोएडा से वाराणसी तक कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में आज 31 अक्टूबर को बारिश और आंधी का अलर्ट जारी है. IMD के मुताबिक पूर्वी यूपी में कई जगह हल्की बारिश होगी, 1 नवंबर से मौसम साफ होगा. जानें लखनऊ, नोएडा, वाराणसी का हाल.

सावधान: यूपी में चक्रवात के असर से झमाझम बारिश-आंधी का दौर जारी, जानें नोएडा से वाराणसी तक कैसा रहेगा मौसम?
Image Credit: UP Weather Today 31 October 2026

यूपी का मौसम: उत्तर प्रदेश में अक्टूबर के आखिरी दिन मौसम ने फिर करवट ली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज 31 अक्टूबर, शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. पूर्वी यूपी में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा, जबकि पश्चिमी यूपी में छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार, इस मौसमी सिस्टम का असर सिर्फ एक दिन रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक यूपी के 23 से ज्यादा जिलों में आज बारिश होने की संभावना है. 1 नवंबर से प्रदेश में मौसम खुलने लगेगा और धूप के साथ तापमान में फिर बढ़ोतरी होगी.

आज यूपी के मौसम का हाल

आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे. पूर्वी उत्तर प्रदेश के बस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़, वाराणसी और अयोध्या मंडल के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी यूपी के मेरठ, बरेली और आगरा मंडल में एक-दो जगह बूंदाबांदी की संभावना है. इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली की भी चेतावनी है.

तापमान में आएगी गिरावट

बारिश और तेज हवा से दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हो सकती है. इससे दिन में गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह-शाम ठंड बढ़ जाएगी. लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम में खुले में न निकलें और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें.

लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी लखनऊ में आज बादल छाए रहेंगे और शाम तक हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. अधिकतम तापमान 23-24 डिग्री और न्यूनतम 20-21 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.  ठंडी हवाओं से मौसम में हल्की सिहरन महसूस होगी.

नोएडा-दिल्ली NCR का अपडेट

NCR में मौसम थोड़ा अलग रहेगा. नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में आज धूप और बादलों की लुकाछिपी बनी रहेगी. बारिश की संभावना काफी कम है. यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री रह सकता है.

वाराणसी में मौसम में सुधार

वाराणसी में कल हुई बारिश के बाद आज मौसम में सुधार होगा. आज बादल तो रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर है. अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहने की उम्मीद है.

1 नवंबर से साफ होगा मौसम

IMD के मुताबिक, 1 नवंबर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म हो जाएगा. प्रदेश में बारिश पर ब्रेक लगेगा और आसमान साफ हो जाएगा. 2 नवंबर से दिन के तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी भी देखी जा सकती है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More