App

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' से बिहार में बिगड़ा मौसम, पटना समेत सभी जिलों में अलर्ट

बिहार में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर लगातार देखने को मिल रहा है. पटना समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 1 नवंबर तक तूफान का प्रभाव बना रह सकता है.

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' से बिहार में बिगड़ा मौसम, पटना समेत सभी जिलों में अलर्ट
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)

बिहार में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर लगातार देखने को मिल रहा है. तूफान के प्रभाव से राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान का असर 1 नवंबर 2026 तक बने रहने की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. आज राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है. इन जिलों में तेज हवा और बादलों की आवाजाही भी बनी रह सकती है.

बिहार के सभी जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट

पटना मौसम विभाग के अनुसार, आज 31 अक्टूबर को भी बिहार के लगभग सभी जिलों में मौसम खराब रह सकता है. उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों और दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. आज राज्य के सभी जिलों में मध्यम से हल्की बारिश हो सकती है.

पटना में बादल छाए रहने के आसार

वहीं, राजधानी पटना के मौसम की बात करें तो आज आसमान में बादल छाए रहेंगे. कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है. लगातार दो से तीन दिनों तक बारिश होने के कारण प्रदेश में ठंड बढ़ गई है और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने लगी है. आज बिहार का अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं मौसम विभाग ने इन बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

फसलों को हुआ नुकसान

चक्रवाती तूफान और खराब मौसम का असर अब खेती-किसानी पर भी दिखने लगा है. बारिश और तेज हवाओं के कारण बिहार के कुछ जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा है. कई इलाकों में खेतों में लगी धान की फसल गिर गई है.  इसके अलावा आलू, केला, पपीता और दूसरी सब्जियों की फसलें भी प्रभावित हुई हैं. किसानों को हुए नुकसान को देखते हुए कृषि विभाग ने सभी संबंधित कृषि पदाधिकारियों को फसल क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More