App

मदद की मिली ऐसी 'सजा': बीच-बचाव करने पर राज्य मंत्री की बड़ी बहन पर हमला, राइफलें लहराते हुए भागे दबंग

फतेहपुर में राज्य मंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन से दबंगों ने जमकर मारपीट की है. बताया जा रहा है कि रास्ते में एक युवक की पिटाई हो रही थी, जिसके बीच बचाव के लिए वह पहुंची थी. इस दौरान हमलावरों ने उनपर हमला कर दिया. जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.

मदद की मिली ऐसी 'सजा': बीच-बचाव करने पर राज्य मंत्री की बड़ी बहन पर हमला, राइफलें लहराते हुए भागे दबंग

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने यूपी सरकार में राज्य मंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन रामा देवी पासवान पर ही हमला कर दिया. रामा देवी पासवान पूर्व प्रधान हैं. बताया जा रहा है कि एक पड़ोसी युवक को दबंगों से बचाना पूर्व प्रधान को भारी पड़ गया. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हवाई फायरिंग का दावा किया जा रहा है.

घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की तो स्थानीय स्तर पर आक्रोश है.

बीच-बचाव करना पड़ा पूर्व प्रधान को भारी
यह पूरा मामला मलवां थाना क्षेत्र के समशाही सुल्तानपुर गांव का है. जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम गांव के शिवसागर निषाद को सनद सिंह गौतम और अभिलाष सिंह गौतम समेत करीब 6 से ज्यादा लोग रास्ते में घेरकर पीट रहे थे. इसी दौरान अपनी दवा लेकर लौट रहीं राज्य मंत्री की बहन रामा देवी पासवान की नजर उन पर पड़ी, उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की.

जैसे ही उन्होंने मारपीट का विरोध किया, हमलावरों का गुस्सा उन पर फूट पड़ा. दबंगों ने पूर्व प्रधान के साथ धक्का-मुक्की और जमकर मारपीट शुरू कर दी. शोर सुनकर जब शिवसागर के छोटे भाई की गर्भवती पत्नी रेशमा भी बचाने दौड़ी, तो दरिंदों ने उसे भी नहीं बख्शा और उसकी भी पिटाई कर दी. आरोप है कि मौके पर दहशत फैलाने के लिए दबंगों ने राइफल और तमंचे से कई राउंड हवाई फायरिंग भी की.

जमीन कब्जे का लगाया आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष ने इन सभी आरोपों से इनकार कर दिया है. उनका कहना है कि विवाद असल में गंगा किनारे स्थित कृषि भूमि पर कब्जे को लेकर हुआ था. उनका आरोप है कि मंत्री की बहन और दूसरा पक्ष जमीन कब्जाने की कोशिश कर रहा है, जिसकी शिकायत उन्होंने डीएम समेत उच्च अधिकारियों से भी की है.

वायरल वीडियो की हो रही पड़ताल
इस घटना को लेकर एसपी अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जिसमें किसी को गंभीर चोट नहीं आई है. शिवसागर की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है और सीओ सिटी को मौके पर भेजा गया है. सोशल मीडिया पर एक ट्रैक्टर के सामने युवकों के बैठने और फायरिंग की आवाज वाले वायरल वीडियो की सत्यता की भी पुलिस जांच कर रही है. हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही है कि राज्य मंत्री की बहन तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या?

(फतेहपुर से अवनीश सिंह की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो