)
चीन अंतरिक्ष में क्या खेल रच रहा है. उसका इरादा क्या है? यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि अमेरिकी खुफिया एजेंसी ने चीन के एक रहस्यमयी विमान की शानदार तस्वीर जारी की है, जो धरती के चक्कर लगा रहा है. इसका नाम'शेनलोंग' है, जिसका मतलब होता है 'दिव्य ड्रैगन'.यह रोबोटिक स्पेस प्लेन पिछले 6 साल से एक्टिव है. यह कई बार तब चर्चा में आया, जब इसने धरती की निचली कक्षा में अज्ञात चीजों को तैनात किया. इन घटनाओं के सामने आने के बाद, कई कंपनियों और लोगों ने ग्राउंड-बेस्ड रडार जैसे उपकरणों की मदद से इस विमान पर कड़ी नजर रखी है. नई तस्वीर में यह विमान बहुत ही साफ नजर आ रहा है, जिससे रिसर्चर्स को इसकी ताकत को समझने में मदद मिल रही है.
Space.com के अनुसार, यह तस्वीर 2024 में मैक्सार टेक्नोलॉजीज (अब वैंटोर) के एक सैटेलाइट के जरिए 90 किलोमीटर की दूरी से ली गई थी। इसका रिजॉल्यूशन 4.5 सेंटीमीटर प्रति पिक्सल है.
यह तस्वीर डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी (DIA) की 'थ्रेट असेसमेंट रिपोर्ट' (खतरे के आकलन से जुड़ी रिपोर्ट) का हिस्सा है. इसमें शेनलोंग को एक ऐसे स्पेस प्लेन के रूप में बताया गया है जो 'स्पेस में चीजों को स्थापित करने या उनका टेस्ट करने के लिए ऑर्बिट में जा सकता है और फिर वापस धरती पर लौट सकता है.'
तस्वीर में शेनलोंग एक अन्य सैटेलाइट से जुड़ा हुआ दिख रहा है और इसके सोलर पैनल खुले हुए हैं. विमान के पिछले हिस्से में मौजूद पेलोड डोर भी खुला हुआ नजर आ रहा है.
शेनलोंग एक 'रीयूजेबल' यानी दोबारा इस्तेमाल होने योग्य स्पेस प्लेन है, जो काफी हद तक अमेरिका के बोइंग के बनाए गए X-37B विमान जैसा है. इसे एक रॉकेट के जरिए लॉन्च किया जाता है, जिसके बाद यह ऑर्बिट में एंट्री करता है और लास्ट में एक नॉर्मल प्लेन की तरह जमीन पर उतरता है.
चीन का यह विमान अपने चौथे मिशन पर है. इस मिशन की शुरुआत इस साल 7 फरवरी को हुई थी, जब इसे चीन के जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से 'लॉन्ग मार्च 2F' रॉकेट के जरिए लॉन्च किया गया था.
चीन ने शेनलोंग की कोई आधिकारिक तस्वीर जारी नहीं की है. वैंटोर ने एक नोट में बताया है कि यह विमान 26 फीट लंबा है.
Space.com ने उन शहरों की एक लिस्ट जारी की है, जहां इस हफ्ते शेनलोंग को देखा जा सकेगा. 'हेवन्स अबव' के डेटा का हवाला देते हुए, इस वेबसाइट ने बताया कि यह विमान 3 नवंबर को डेनवर के ऊपर से और 5 व 6 नवंबर को लॉस एंजिलिस के ऊपर से गुजरेगा, जिससे लोगों को इसे अपनी नंगी आंखों से देखने का मौका मिलेगा. Space.com ने आगे बताया कि इसे देखने का सबसे अच्छा समय सुबह सूरज निकलने से पहले का है.