)
दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार फेस-2 में आज सुबह एक मकान की पहली मंजिल पर अचानक आग लग गई. आग लगने की आशंका शॉर्ट सर्किट के कारण जताई जा रही है. हादसे में घर का काफी सामान जलकर राख हो गया. दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, सुबह करीब 8:20 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. इसके बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया. दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी की जान गई. फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है.
वहीं दूसरी तरफ मंगलवार सुबह दिल्ली के पांडव नगर इलाके में राधा कृष्ण मंदिर में भीषण आग लग गई. घटना की सूचना मिलने के बाद, दमकल विभाग ने दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं. दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है.
31 अक्टूबर को रात करीब 9:30 बजे दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र के फेज 1 में एक जूता फैक्ट्री में आग लग गई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया. आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई टीमों ने घंटों तक काम किया. अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर से कुल छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया.
इन सभी छह लोगों को इलाज के लिए तुरंत मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया. दमकल अधिकारी ADO पारस कुमार ने बताया कि आग सबसे पहले बेसमेंट में लगी थी. उन्होंने कहा कि दमकलकर्मियों ने आग को बेसमेंट तक ही सीमित रखा, जिससे वह इमारत के बाकी हिस्सों में नहीं फैल पाई.
(दिल्ली से राकेश कुमार की रिपोर्ट)