App

हार्दिक पांड्या के लिए अर्शदीप सिंह और ये खिलाड़ी 'कुर्बान', मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स की डील फाइनल?

स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या आईपीएल 2027 में पंजाब किंग्स की तरफ से खेल सकते हैं. स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई इंडियंस ने हार्दिक के बदले स्टार पेसर अर्शदीप सिंह और विकेट कीपर बल्लेबाज विष्णु विनोद के ट्रेड पर सहमति जताई है.

हार्दिक पांड्या के लिए अर्शदीप सिंह और ये खिलाड़ी 'कुर्बान', मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स की डील फाइनल?
Image Credit: हार्दिक पांड्या के लिए अर्शदीप सिंह और ये खिलाड़ी 'कुर्बान', मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स की डील फाइनल? (@IPL/BCCI)

टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या आईपीएल 2027 में किस टीम की तरफ से खेलेंगे? इस सवाल पर से लगभग पर्दा उठ चुका है. स्पोर्टस्टार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी ट्रेड डील होने वाली है. पंजाब किंग्स हार्दिक को टीम में शामिल करने के लिए स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को कुर्बान कर सकती है. इसके अलावा विकेट कीपर बल्लेबाज विष्णु विनोद भी मुंबई इंडियंस जाएंगे.

स्पोर्टस्टार को जानकारी मिली है कि दोनों फ्रेंचाइजी का सीनियर मैनेजमेंट प्रस्तावित अदला-बदली पर लगभग सहमत हो गया है और अब IPL अधिकारी इसके कागजी काम को पूरा करेंगे. 17 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन से पहले, इस हफ्ते के आखिर तक इसकी आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है.

हार्दिक-अर्शदीप की अदला-बदली?

इस बात की अटकलें तो पहले से तेज थी कि हार्दिक पांड्या और मुंबई इंडियंस के बीच रिश्ते का अंत हो सकता है, लेकिन ये किसी ने नहीं सोचा था कि पंजाब किंग्स उनके लिए दांव लगाएगी और अपने स्टार पेसर अर्शदीप सिंह को कुर्बान कर देगी. बता दें कि अर्शदीप T20I में भारत की तरफ से सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं. अगर ये ब्लॉकबस्टर डील पक्की हो जाती है तो पंजाब किंग्स में श्रेयस अय्यर और हार्दिक पांड्या साथ खेलेंगे, जबकि मुंबई इंडियंस की तरफ से जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह गेंदबाजी में एक साथ तहलका मचाएंगे. स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, अर्शदीप के अलावा विष्णु विनोद भी ट्रेड के तहत पंजाब किंग्स से मुंबई इंडियंस में शामिल होंगे.

2025 के मेगा ऑक्शन से पहले पंजाब किंग्स ने अर्शदीप को रिलीज कर दिया था, लेकिन 'राइट टू मैच' कार्ड का इस्तेमाल करके उन्हें वापस टीम में शामिल कर लिया. सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी बोली 15.75 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 18 करोड़ रुपये कर दी थी, जिसके बाद PBKS ने भी इतनी ही बोली लगाकर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को अपनी टीम में बनाए रखा.

वहीं, हार्दिक पांड्या IPL 2024 से पहले गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में लौट आए. यह एक 'ऑल-कैश' ट्रेड था. इससे पहले, वह दो सीजन तक गुजरात टाइटंस के साथ रहे थे, जहां उन्होंने 2022 में टीम को चैंपियन भी बनाया था. हालांकि, इसके बाद MI के कप्तान के तौर पर उनके तीन सीजन कुछ खास नहीं रहे और टीम दो बार पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे के स्थानों पर रही. मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा से कप्तानी छीनकर हार्दिक को टीम की कमान सौंपी थी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More