App

बेटे के सामने ट्रक ने छीन ली मां की सांसें: बाप-बेटी अस्पताल में लड़ रहे मौत से जंग

अलवर के समोला चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी. हादसे में 45 वर्षीय सुनीता मीणा की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और पोती गंभीर रूप से घायल हैं. ट्रक चालक मौके से फरार हो गया.

बेटे के सामने ट्रक ने छीन ली मां की सांसें: बाप-बेटी अस्पताल में लड़ रहे मौत से जंग
Image Credit: हादसे में 45 वर्षीय सुनीता मीणा की मौके पर मौत.

अलवर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. अरावली विहार थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में 45 वर्षीय महिला की जान चली गई, जबकि उनका बेटा और पोती गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा समोला चौराहे के पास 200 फीट रोड पर मंगलम सोसायटी के सामने हुआ. यहां तेज गति से आ रहे ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया.

बेटे और पोती के साथ खेत से लौट रही थीं सुनीता
जानकारी के अनुसार, अलवर के रूपबास निवासी प्यारेलाल मीणा की पत्नी सुनीता मीणा सोमवार को अपने बेटे आकाश और पोती रिया उर्फ गुड्डन के साथ स्कूटी से बड़ौदामेव स्थित अपने खेत पर गई थीं. तीनों खेत से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान 200 फीट रोड पर मंगलम सोसायटी के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में सुनीता मीणा को इतनी गंभीर चोटें आईं कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, उनका बेटा आकाश और पोती रिया गंभीर रूप से घायल हो गए.

गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए घायल
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. घायलों को तुरंत अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया. पोती रिया की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं, हादसे में सुनीता की मौत की खबर से परिवार में दुख का माहौल है.

बताया जा रहा है कि सुनीता मीणा के पति प्यारेलाल मीणा मुंबई में इंडियन नेवी में कार्यरत हैं. परिवार के लिए यह हादसा बड़ा दुख लेकर आया है.

ट्रक जब्त, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है. वहीं, हादसे के बाद से फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. हादसा किस वजह से हुआ और ट्रक चालक की लापरवाही किस हद तक जिम्मेदार रही, इसकी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस फरार चालक का पता लगाने में जुटी है.

Reporter- Jugal Gandhi

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More