)
राजस्थान के कोटा शहर को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से सीधे जोड़ने की योजना आगे बढ़ गई है.डीसीएम रोड स्थित बॉम्बे योजना के पीछे से कैथून के पास बालापुरा इंटरचेंज तक 23 किलोमीटर लंबा नया फोरलेन हाईवे बनाया जाएगा. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने प्रस्तावित सड़क के अलाइनमेंट को मंजूरी दे दी है. करीब 1600 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के लिए अगली प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अगले साल निर्माण शुरू होने की संभावना है.
कोटा से एक्सप्रेस-वे तक पहुंचना होगा आसान
नया हाईवे बनने से कोटा शहर से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे तक पहुंचने में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है. फिलहाल वाहन चालकों को एक्सप्रेस-वे पर चढ़ने के लिए कराड़िया और गोपालपुरा इंटरचेंज की ओर करीब 40 किलोमीटर तक जाना पड़ता है. प्रस्तावित सड़क बनने के बाद शहर से एक्सप्रेस-वे तक का सफर करीब 15 से 20 मिनट में पूरा हो सकेगा, जबकि अभी इसमें लगभग 45 मिनट लगते हैं.
इन इलाकों से होकर गुजरेगा नया हाईवे
प्रस्तावित फोरलेन डीसीएम रोड पर बॉम्बे योजना के पीछे से शुरू होगा. यहां से यह दायीं मुख्य नहर के किनारे श्रीराम नगर क्षेत्र की ओर बढ़ेगा. इसके बाद नहर पार कर वन भूमि से होते हुए एनएच-27 के पास केडीए की फार्म हाउस योजना के नजदीक इंटरचेंज से जुड़ेगा. आगे डाढ़ देवी रोड़ को चरण चौकी रोड़ के पास पार करते हुए यह मोतीपुरा, प्रहलादपुरा, रामनगर, अभयपुरा और भगवानपुरा से गुजरेगा. आखिर में बालापुरा इंटरचेंज पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से कनेक्ट होगा. आबादी वाले हिस्सों में हाईवे एलिवेटेड बनाने की योजना है.
भामाशाह मंडी से एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी को मिलेगा फायदा
इस परियोजना से कोटा के व्यापार और माल परिवहन को भी फायदा मिलने की उम्मीद है. भामाशाह मंडी के विस्तार के बाद प्रस्तावित हाईवे की दूरी मंडी से करीब डेढ़ किलोमीटर रहने का अनुमान है. इससे मंडी से आने-जाने वाले ट्रकों को एक्सप्रेस-वे तक पहुंचने के लिए बेहतर मार्ग मिल सकेगा. वहीं, शंभूपुरा में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट तक सड़क संपर्क मजबूत करने में भी यह हाईवे अहम भूमिका निभा सकता है.
अलाइनमेंट की मंजूरी के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
NHAI के परियोजना निदेशक संदीप अग्रवाल के मुताबिक, कोटा से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाले नए फोरलेन हाईवे के अलाइनमेंट को मंजूरी मिल गई है. अब आगे की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद टेंडर प्रक्रिया की जाएगी. इसके बाद अगले साल निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है.
Report- Chetan Gujar