)
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर के गोबरसही में पीएनजी पाइपलाइन में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत पर मंगलवार (3 नवंबर, 2026) को शोक व्यक्त किया. उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई. साथ ही, राज्य सरकार और भाजपा पर गंभीर सवाल खड़े किए. तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा- मुजफ्फरपुर के गोबरसही में पीएनजी पाइपलाइन विस्फोट की चपेट में आए एक व्यक्ति की मृत्यु पर वह अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं. उन्होंने कहा कि ईश्वर पीड़ित परिवारों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें.
राजद नेता तेजस्वी यादव ने घटना के दौरान अग्निशमन वाहन के यातायात में फंसे होने को लेकर भाजपा की सभा पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर भाजपा की एक सभा आयोजित की गई थी, जिसमें पार्टी के कार्यकर्ता, नेता और पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता भी उपस्थित थे. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के अनुसार, सभा में मौजूद लोगों को इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की सूचना मिल गई थी. इसके बावजूद यातायात में फंसे अग्निशमन वाहन को प्राथमिकता देकर घटनास्थल पर जल्द पहुंचाने की जरूरत नहीं समझी गई.
तेजस्वी यादव ने इसे अक्षम्य बताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में अग्निशमन वाहन को तत्काल रास्ता उपलब्ध कराया जाना चाहिए था. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस मामले में संवेदनशीलता नहीं दिखाई. विपक्ष के नेता ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री को घटना की जानकारी तक नहीं है, इसलिए उन्होंने संवेदना भी व्यक्त नहीं की. तेजस्वी यादव ने कहा कि राजनीति नागरिकों के लिए है, न कि नागरिक राजनीति के लिए हैं.
मुजफ्फरपुर के गोबरसही में PNG पाइपलाइन ब्लास्ट की चपेट में आए लोगों की मृत्यु से पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। पीड़ित परिवारों को ईश्वर संबल प्रदान करे। स्थानीय लोगों के अनुसार भाजपा की सड़क पर चल रही एक अराजक सभा में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं, नेताओं एवं पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता ने दुर्भाग्यपूर्ण दुःखद घटना की सूचना होने के बावजूद सभा के कारण यातायात में फँसे अग्निशमन वाहन को प्राथमिकता देकर यथाशीघ्र घटनास्थल के लिए जाने देने की कोई जरूरत या जल्दबाजी नहीं समझी। यह अक्षम्य है। प्रदेश के मुख्यमंत्री को तो घटना की जानकारी भी नहीं है इसलिए संवेदना तक व्यक्त नहीं की। राजनीति नागरिकों के लिए है, नागरिक राजनीति के लिए नहीं हैं।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) November 3, 2026
उन्होंने इस टिप्पणी के जरिए राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया. गौरतलब है कि सोमवार को मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही इलाके में नाला निर्माण के दौरान पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद विस्फोट हुआ था. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे.
-आईएएनएस