)
राजस्थान के डीडवाना के परबतसर उपखण्ड के पंचायत समिति चुनाव के दौरान मंगलवार को ग्राम डारापुरा में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर पंचायत परिसीमन के खिलाफ विरोध जताय. ग्रामीणों की नाराजगी डारापुरा को पूर्व की रुणिजा ग्राम पंचायत से हटाकर करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित खिदरपुरा ग्राम पंचायत में शामिल किए जाने को लेकर है.
12 किमी दूर पंचायत का विरोध
ग्रामीणों का कहना है कि पहले डारापुरा रुणिजा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता था, जिससे पंचायत से जुड़े कार्यों के लिए ग्रामीणों को अपेक्षाकृत कम दूरी तय करनी पड़ती थ. नए परिसीमन के बाद खिदरपुरा में शामिल किए जाने से ग्रामीणों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए करीब 12 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी.

डारापुरा को रुणिजा पंचायत में जोड़ने की मांग
ग्रामीणों के मुताबिक उन्होंने परिसीमन के दौरान ही इस निर्णय पर आपत्ति जताते हुए जिला कलेक्टर और उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर डारापुरा को फिर रुणिजा ग्राम पंचायत में शामिल करने की मांग की थी. मांग पर समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बनी रही. इसी के चलते मतदान के दिन ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से मतदान से दूरी बनाकर प्रशासन के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया. मतदान बहिष्कार की सूचना के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर मतदान करने की समझाइश की. ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि डारापुरा को पूर्व की भांति रुणिजा ग्राम पंचायत में शामिल किया जाए. अब प्रशासन और ग्रामीणों के बीच होने वाली बातचीत पर सभी की नजरें टिकी हैं.

बयाना के नगला सिंघाड़ा में वोट बहिष्कार
भरतपुर के बयाना में परिसीमन को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश मतदान के दिन खुलकर सामने आया. नगला सिंघाड़ा गांव के ग्रामीणों ने पंचायत परिसीमन के विरोध में मतदान का बहिष्कार कर दिया. ग्रामीणों की नाराजगी गांव को सिंघाड़ा ग्राम पंचायत से हटाकर बंगसपुरा ग्राम पंचायत में शामिल करने को लेकर है. मतदान बहिष्कार की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की. अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को मनाने और मतदान शुरू करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं. फिलहाल गांव में मतदान को लेकर गतिरोध बना हुआ है.