App

'आपका बैंक अकाउंट मनी लॉन्ड्रिंग में फंसा है...' एक फोन कॉल और महिला के खाते से निकल गए 3 करोड़ रुपये, रोते हुए पहुंची थाने

हांगकांग में साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया. यहां 66 साल की एक महिला को फोन करके बताया गया कि उनका बैंक अकाउंट मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में जांच के दायरे में है. घबराई महिला ने कॉल करने वाले की बातों पर भरोसा कर लिया और जांच के नाम पर दो बार में करीब 3 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए. ठगी का एहसास हुआ तो वह पुलिस के पास पहुंची.

'आपका बैंक अकाउंट मनी लॉन्ड्रिंग में फंसा है...' एक फोन कॉल और महिला के खाते से निकल गए 3 करोड़ रुपये, रोते हुए पहुंची थाने
Image Credit: प्रतीकात्मक AI इमेज | हांगकांग में बुजुर्ग महिला से फोन कॉल पर ठग लिए 3 करोड़!

कई बार ठग किसी को लालच देकर पैसे नहीं ऐंठते, बल्कि उसके मन में डर पैदा करते हैं. हांगकांग की इस बुजुर्ग महिला के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, साउ माउ पिंग इलाके में रहने वाली 66 साल की महिला को अक्टूबर महीने की शुरुआत में एक अनजान शख्स का फोन आया.

कॉल करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर महिला को बताया कि उनका एक बैंक अकाउंट मनी लॉन्ड्रिंग यानी गैरकानूनी तरीके से कमाए गए पैसे को छिपाने के मामले से जुड़ा हुआ है. यह वही अकाउंट था, जिसका इस्तेमाल महिला ने ऑनलाइन इंश्योरेंस खरीदने के लिए किया था.

जांच का डर दिखाकर खाते में पैसे मंगवाए

फोन करने वाले ने महिला को भरोसा दिलाया कि मामला गंभीर है और इसकी जांच चल रही है. उसने कहा कि जांच की प्रक्रिया पूरी करने के लिए महिला को कुछ तय बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करने होंगे. महिला को लगा कि शायद उनके बैंक अकाउंट से जुड़ी कोई गड़बड़ी हो गई है. पुलिस या जांच एजेंसी से परेशानी न हो, इसी डर में उन्होंने कॉल करने वाले की बात मान ली. इसके बाद महिला ने बताए गए बैंक अकाउंट में पहली बार 20 लाख हांगकांग डॉलर ट्रांसफर किए. इसके बाद उन्होंने दूसरी बार 7 लाख हांगकांग डॉलर और भेज दिए. इस तरह कुल रकम 27 लाख हांगकांग डॉलर हो गई, जो भारतीय करेंसी में करीब 3 करोड़ रुपये होती है.

दो बार में गंवा दिए करीब 3 करोड़ रुपये

महिला को शायद अंदाजा भी नहीं था कि वह जिस जांच के नाम पर पैसे भेज रही हैं, वह असल में ठगी का पूरा जाल है. पहली बार पैसे ट्रांसफर करने के बाद भी ठगों ने उन्हें दूसरी बार पैसे भेजने के लिए तैयार कर लिया. दोनों ट्रांजैक्शन पूरे होने के बाद महिला को शक हुआ कि कहीं उनके साथ धोखाधड़ी तो नहीं हुई है. जब उन्हें पूरे मामले की गंभीरता समझ आई तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने तड़के करीब 5 बजे पुलिस को इस घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि उन्हें एक संदिग्ध फोन आया था और उसी के बाद उन्होंने अलग-अलग खातों में पैसे भेजे थे.

पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले को धोखाधड़ी के तौर पर दर्ज किया. फिलहाल अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी. पुलिस जांच में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला को फोन करने वाला शख्स कौन था और जिन बैंक अकाउंट में पैसे भेजे गए, वे किसके नाम पर हैं. इतनी बड़ी रकम होने की वजह से यह मामला चीन के सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया.

बैंक और पुलिस अधिकारी बनकर डराते हैं ठग

हांगकांग में इस तरह की ठगी का तरीका नया नहीं है. वहां का एंटी-डिसेप्शन कोऑर्डिनेशन सेंटर पहले भी लोगों को ऐसे फोन कॉल से सावधान कर चुका है. इस तरह के मामलों में ठग खुद को बैंक कर्मचारी या पुलिस अधिकारी बताकर फोन करते हैं. फिर वे कहते हैं कि सामने वाले व्यक्ति के बैंक अकाउंट से संदिग्ध लेनदेन हुआ है या उसका नाम मनी लॉन्ड्रिंग जैसी गतिविधियों में आया है. इसके बाद जांच और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया जाता है. ठग पीड़ित को भरोसा दिलाते हैं कि अगर वह बताए गए बैंक अकाउंट में पैसे जमा कर देगा तो मामला सुलझ जाएगा. घबराहट में कई लोग उनकी बातों में आ जाते हैं और अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं.

पुलिस जांच के नाम पर कभी नहीं मांगती पैसे

हांगकांग की एजेंसियों ने लोगों से साफ तौर पर कहा है कि असली पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी किसी व्यक्ति से जांच के नाम पर किसी तय बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करने को नहीं कहती. अगर किसी अनजान नंबर से ऐसा फोन आता है तो उसकी बातों पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए. कॉल करने वाला खुद को कितना भी बड़ा अधिकारी बताए, उसकी पहचान की पुष्टि किसी आधिकारिक नंबर या संबंधित विभाग से अलग से करनी चाहिए. हांगकांग पुलिस ने लोगों की मदद के लिए 24 घंटे चलने वाली एंटी-स्कैम हेल्पलाइन 18222 भी शुरू कर रखी है.

डर में लिया फैसला पड़ सकता है भारी

इस घटना में महिला ने किसी महंगे सामान या बड़े मुनाफे के लालच में पैसे नहीं गंवाए. ठगों ने उन्हें सिर्फ जांच और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया. यही डर धीरे-धीरे इतना बढ़ा कि उन्होंने बिना पूरी जानकारी जुटाए करोड़ों रुपये ट्रांसफर कर दिए. ऐसे मामलों में सबसे जरूरी है कि किसी भी फोन कॉल पर घबराकर कोई आर्थिक फैसला न लिया जाए. बैंक अकाउंट या मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी बात सुनते ही पैसे भेजने के बजाय पहले संबंधित बैंक और पुलिस से संपर्क करना चाहिए. क्योंकि एक गलत कॉल पर किया गया भरोसा जिंदगीभर की जमा पूंजी छीन सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More