)
मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजगढ़ में सोमवार (2 नवंबर) की आधी रात खाकी को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा में तैनात सब-इंस्पेक्टर (ASI) को ग्रामीणों ने अवैध संबंध के मामले में पकड़ा. खुद को घिरा पाकर ASI ने कई राउंड फायरिंग कर दी. इस घटना में अशोक नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है. यह घटना बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में हुई है.
आरोपी ASI फरार है, उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और आक्रोश को देखते हुए SSP खुद घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच कर रहे हैं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं.
SSP योगेंद्र कुमार ने बताया कि ASI एक पुलिस चौकी पर तैनात था और अक्सर गांव के एक घर में जाया करता था. जब ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया, तो ASI ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली चला दी. चार लोगों को गोली लगी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवक की मौत हो गई. एसएसपी ने बताया कि आरोपी एएसआई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा.
मधुबनी सदर अस्पताल में इलाज करा रहे धनिकलाल यादव ने बताया कि वह और कुछ अन्य लोग अपने घर के पास थे, तभी एक खिड़की से गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली उन्हें लग गई. इस बीच, एसएसपी ने फरार एएसआई को पकड़वाने में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 25,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है.
रिपोर्ट: बिंदु भूषण