)
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर होने वाली बैठक टल गई है, लेकिन यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्रपाल गौतम की माने तो उनकी कोशिश है कि 15 दिसंबर से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को अमली जामा पहना दिया जाए, ताकि उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में जाने के लिए पर्याप्त समय मिल सके.
इस फॉर्मूले पर फिलहाल वो काम भी कर रहे हैं. वहीं, बैठक टलने को लेकर उन्होंने साफ कहा कि क्योंकि बीते दिनों सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के दौरान राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच बातचीत हुई है, लिहाजा अगली बातचीत भी दो-तीन दिनों में शुरू हो जाएगी.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर यूपी चुनाव को लेकर हुई अहम बैठक के बाद कहा कि हम लोगों ने संगठन और चुनाव प्रचार को लेकर गहराई से मंथन किया है. यूपी विधानसभा चुनाव में प्रचार की रणनीति को लेकर सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा हुई है. हमारा प्रचार दिसंबर के पहले हफ्ते से शुरू होगा. वहीं, यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद ने कहा कि हमारा चुनाव प्रचार दिसंबर के पहले या दूसरे वीक में शुरू होगा.
इन सबके बीच सोमवार रात में कांग्रेस ने यूपी, उत्तराखंड समेत पांच राज्यों के लिए अपने स्क्रीनिंग कमेटी का गठन कर दिया है, जो उम्मीदवारों का चयन करेगी. उत्तर प्रदेश में उम्मीदवारों के चयन का जिम्मा पार्टी के सांसद एवं कोषाध्यक्ष अजय माकन को सौंपा गया है.
जानकारी के मुताबिक, अजय माकन का जन्म 1964 को हुआ है. वह 21 साल की उम्र में ही दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ अध्यक्ष चुन लिए गए. अजय माकन ने साल 1993 में पहली बार राजौरी गार्डन सीट से विधायक बने. इसके बाद वह 1998 और 2003 में भी विधायक चुने गए. 2015 में कांग्रेस ने उन्हें दिल्ली चुनाव के प्रचार समिति की जिम्मेदारी सौंपी. अजय गांधी परिवार के करीबी माने जाते हैं.
Report By SUMANT KUMAR