App

बाइक से गिरते ही हेलमेट से निकलेगा 'फुल-बॉडी एयरबैग'! आग की तरह फैल रहा Video, जानिए क्या है सच

चीन के वायरल वीडियो में बाइक से गिरते ही हेलमेट से फुल-बॉडी एयरबैग निकलता दिख रहा है. जानिए यह वीडियो असली है या AI का कमाल.

बाइक से गिरते ही हेलमेट से निकलेगा 'फुल-बॉडी एयरबैग'! आग की तरह फैल रहा Video, जानिए क्या है सच
Image Credit: वीडियो आग की तरह फैल रहा है.

इन दिनों इंटरनेट पर एक ऐसा ही गजब का वीडियो आग की तरह फैल रहा है, जिसने बाइक लवर्स और टेक प्रेमियों के बीच जबरदस्त बहस छेड़ दी है. इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि चीन ने एक ऐसा अनोखा मोटरसाइकिल हेलमेट तैयार कर लिया है, जो राइडर के बाइक से गिरते ही उसके पूरे शरीर को एक बड़े से एयरबैग में लपेट लेता है.

सुनने में यह किसी हॉलीवुड की साइंस-फिक्शन फिल्म जैसा लगता है. इस क्लिप को अब तक लाखों लोग देख और शेयर कर चुके हैं. हर कोई यही सोच रहा है कि अगर वाकई ऐसी कोई टेक्नोलॉजी आ गई है, तो सड़क हादसों में जान जाने का खतरा काफी हद तक कम हो जाएगा. लेकिन क्या यह वीडियो वाकई किसी असली प्रोडक्ट का डेमो है, या फिर यह सिर्फ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की कारीगरी है? आइए इस वायरल वीडियो की पूरी पड़ताल करते हैं.

आखिर इस वायरल वीडियो में दिख क्या रहा है?
वायरल हो रही इस छोटी सी क्लिप की शुरुआत एक बाइक राइडर के सड़क पर गिरने से होती है. जैसे ही राइडर अपनी मोटरसाइकिल से फिसलकर नीचे गिरता है, पलक झपकते ही उसके हेलमेट से एक विशाल एयरबैग निकलता है और पूरे शरीर को चारों तरफ से ढक लेता है. इसका कॉन्सेप्ट यह दिखाया गया है कि राइडर के जमीन से टकराने से पहले ही यह कुशन जैसा एयरबैग सारा झटका झेल लेगा, ठीक वैसे ही जैसे कारों में चारों तरफ लगे एयरबैग यात्रियों की जान बचाते हैं.

वीडियो के आखिर में जब खतरा टल जाता है, तो यह एयरबैग अपने आप पिचक जाता है और राइडर का राइडिंग गियर साफ नजर आने लगता है. देखने में यह विजुअल इफेक्ट इतना ड्रामेटिक और शानदार है कि लोग बिना सोचे-समझे इसे शेयर कर रहे हैं. हालांकि, वीडियो को ध्यान से देखने पर कई ऐसे सवाल खड़े होते हैं जिनका जवाब इस दावे की हवा निकाल देता है.

 

 

 

किन चीनी कंपनियों के नाम पर शेयर हो रहा है वीडियो?
ऑनलाइन चल रही खबरों और सोशल मीडिया पोस्ट्स में इस कमाल के हेलमेट का क्रेडिट दो चीनी कंपनियों को दिया जा रहा है. पहला नाम है 'Lanxi Yema Motorcycle Fittings' और दूसरा नाम है 'Yanfeng Automotive'. दावा किया जा रहा है कि इन दोनों कंपनियों ने मिलकर यह सेफ्टी गियर बनाया है. लेकिन हैरानी की बात यह है कि इन दोनों में से किसी भी कंपनी ने इस तरह के किसी प्रोडक्ट को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है.

अगर इन कंपनियों के बैकग्राउंड को देखें, तो 'Lanxi Yema' चीन के झेजियांग प्रांत की एक जानी-मानी हेलमेट बनाने वाली कंपनी है, जिसकी सालाना कैपेसिटी 25 लाख हेलमेट बनाने की है. वहीं 'Yanfeng' सच में कारों के लिए एयरबैग, सीट बेल्ट और स्टीयरिंग व्हील जैसे सेफ्टी प्रोडक्ट्स बनाती है. लेकिन इन दोनों कंपनियों के पब्लिक पोर्टफोलियो या वेबसाइट पर इस वायरल हेलमेट से जुड़ा कोई भी सबूत मौजूद नहीं है.

वीडियो क्यों लग रहा है पूरी तरह AI-जनरेटेड?
जब इस वीडियो की बारीकी से जांच की गई, तो इसमें कई ऐसी गलतियां सामने आईं जो साफ इशारा करती हैं कि यह वीडियो असली नहीं है. सबसे बड़ी बात तो यह है कि वीडियो में राइडर ने जो हेलमेट पहना है, उस पर चीनी कंपनी 'Lanxi Yema' की ब्रांडिंग ही नहीं है. इसके बजाय उस हेलमेट पर मशहूर इटालियन ब्रांड 'AGV' का लोगो साफ दिखाई दे रहा है.

इतना ही नहीं, राइडर ने शरीर पर जो लेदर सूट पहना है, वह भी इटली के ही एक और लग्जरी ब्रांड 'Dainese' का है. अब आप खुद ही सोचिए, अगर कोई चीनी कंपनी अपना नया प्रोडक्ट लॉन्च करेगी, तो वह अपने डेमो वीडियो में इटालियन कंपनियों के लोगो लगाकर प्रचार क्यों करेगी? इसके अलावा, न तो इस प्रोडक्ट का कोई ऑफिशियल पेज है, न कोई सर्टिफिकेशन डॉक्यूमेंट और न ही किसी स्वतंत्र टेस्ट का नतीजा सामने आया है.

सोशल मीडिया यूजर्स ने भी पकड़ ली चालाकी
इंटरनेट की जनता आजकल बहुत समझदार हो गई है. वीडियो के कमेंट सेक्शन में भी ज्यादातर लोगों ने इसे फेक और AI से बना हुआ बताया है. एक यूजर ने बिल्कुल सटीक कमेंट करते हुए लिखा कि यह वीडियो तो AI से बनाया गया है, लेकिन यह बात भी सच है कि दुनिया की कुछ कंपनियां वाकई बाइक्स के लिए एयरबैग विकसित करने पर काम कर रही हैं.

क्या सच में हेलमेट में एयरबैग लग सकता है?
भले ही चीन के नाम से वायरल हो रहा यह वीडियो नकली लगता हो, लेकिन मोटरसाइकिल राइडर्स के लिए एयरबैग कोई कोरी कल्पना नहीं है. आज के समय में प्रोफेशनल बाइक राइडर्स और रेसर्स ऐसे खास जैकेट और वेस्ट (Vests) पहनते हैं, जिनमें एयरबैग लगे होते हैं. एक्सीडेंट होते ही ये जैकेट मिलीसेकंड्स में फूल जाते हैं और राइडर की रीढ़ की हड्डी और छाती को बचाते हैं.

जहां तक हेलमेट में एयरबैग लगाने की बात है, तो इस पर भी असली दुनिया में काम हो चुका है. साल 2022 में इटली की हेलमेट बनाने वाली कंपनी 'AIROH' और स्वीडन की सेफ्टी कंपनी 'Autoliv' ने मिलकर एक ऐसे प्रोटोटाइप हेलमेट का मॉडल पेश किया था, जिसमें एयरबैग टेक्नोलॉजी लगी थी. हालांकि, वह एक असली इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट था, जिसका इस वायरल चीनी वीडियो से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है. कुल मिलाकर, सोशल मीडिया पर दिखने वाली हर चमकती चीज सच नहीं होती, और यह वायरल हेलमेट भी फिलहाल सिर्फ AI की कल्पना तक ही सीमित है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Mohit Chaturvedi

Mohit Chaturvedi

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More