)
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. होटल में ठहरे कपल्स को धमकाते हुए सिवनी पुलिस का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इसकी पुष्टि होटल संचालक ने की है और दावा करते हुए कोतवाली टीआई, एसडीओपी, सहित ट्रैफिक निरीक्षक पर 25-25 हजार रुपये मंथली मांगने का आरोप लगाए हैं. इसका खुलासा होने के बाद पुलिस विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना प्रभारी को उनके पद से हटा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
मामला सिवनी जिले के डूंडा सिवनी थाना क्षेत्र के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का है, जिसका सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में पुलिस अधिकारी होटल में ठहरे एक बालिग कपल को धमकाते और उनके बैग में गांजा रखकर झूठे केस में फंसाने की बात कहते हुए नजर आ रहे हैं. घटना 13 नवंबर की शाम की बताई जा रही है. वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस अधीक्षक (SP) ने संज्ञान लेते हुए कोतवाली थाना प्रभारी को पुलिस लाइन से संबद्ध करने का आदेश दिया है.
इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए होटल संचालक संजय सनोडिया और होटल का संचालन कर रहे युवक ने पुलिस अधिकारियों पर वसूली और प्रताड़ना के संगीन आरोप लगाए हैं। होटल के मालिक संजय सनोडिया ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक इंस्पेक्टर विजय तिवारी पर होटल से 25-25 हजार रुपये मंथली मांगने का आरोप लगाया है. होटल संचालक ने कोतवाली टीआई और एसडीओपी को स्थानीय पत्रकार के सामने 10-10 हजार रुपये की राशि देने का आरोप लगाया है. जबकि, होटल किराए से लेने वाले युवक ने कोतवाली टीआई, एसडीओपी सिवनी और,ट्रैफिक इंस्पेक्टर से कुछ दिन पूर्व मारपीट के आरोप लगाया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पुलिस अधिकारी होटल में नशीला पदार्थ रखकर होटल में ठहरे कपल को ड्रग्स के मामले में फंसाने की बात कर रहे है. वीडियो में यह कहते सुना जा सकता है, 'उसके बैग में थोड़ा गांजा रख दो.' सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी और सात अन्य पुलिसकर्मी होटल के रिसेप्शन एरिया में दिखाई दे रहे हैं, जहां होटल स्टाफ से उनकी बहस चल रही है.
हालांकि, Zee News वीडियो की पुष्टि नहीं करता है और यह स्टोरी होटल संचालक के आरोपों के आधार पर लगाई गई है. अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह वीडियो असली है या नहीं. इसके साथ ही यह भी साफ नहीं है कि इसमें दिख रही बातचीत किस तारीख की है. (इनपुट- प्रशांत शुक्ला)