App

तीसरी पारी में चौके-छक्के लगाएंगे, योगी ने नौकरियों को लेकर किया बड़ा दावा

यूपी में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बांटने का अभियान शुरू हो गया है. लखनऊ में इस योजना का शुभारंभ मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने किया.

तीसरी पारी में चौके-छक्के लगाएंगे, योगी ने नौकरियों को लेकर किया बड़ा दावा
Image Credit: UP Free Tablet Scheme

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के युवाओं को डिजिटल दुनिया से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टैबलेट वितरण के नए चरण की शुरुआत कर दी है. रविवार को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बांटने के अभियान का शुभारंभ किया. पहले ही दिन लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के करीब 300 कॉलेजों के 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए गए.लखनऊ मंडल के चार जिलों के छात्र शामिल हुए. इस योजना के लिए 2026-27 के बजट में 2,374.60 करोड़ रुपये रखे गए हैं. सरकार का मकसद है कि युवा पढ़ाई, स्किल और रोजगार में टेक्नोलॉजी का पूरा फायदा उठा सकें.

“आप सबमें बजरंग बली की ताकत है”

कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और यूपी भी सबसे युवा प्रदेश है. 15 से 35 साल के युवाओं के लिए असंभव जैसा कोई शब्द नहीं होना चाहिए. उन्होंने महारानी लक्ष्मीबाई, महाराणा प्रताप, वीर सावरकर और स्वामी विवेकानंद का जिक्र करते हुए युवाओं से उनके साहस और संघर्ष से प्रेरणा लेने को कहा. सीएम योगी ने कहा कि डिजिटल दौर में टैबलेट से मदद मिलेगी.

तीसरी पारी में चौके छक्के लगाएंगे

सीएम योगी ने कहा कि सपा ने सिर्फ मुन्नाभाई पैदा किए. आज युवाओं को नौकरी मिल रही है. युवाओं को और सरकारी नौकरी देंगे. हमने साढ़े 9 लाख नौकरियां दी. सीएम योगी ने कहा कि तीसरी पारी में चौके छक्के लगाएंगे.

नौ साल में यूपी की तस्वीर बदली

सीएम ने कहा कि पिछले साढ़े नौ साल में यूपी की तस्वीर बदली है. अब सरकारी नौकरी के लिए सिफारिश और रिश्वत नहीं देनी पड़ती. प्रदेश में कानून व्यवस्था सुधरी है, निवेश बढ़ा है. अब यूपी में ब्रह्मोस मिसाइल और कानपुर में राइफल बन रही है. माफिया पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिस जमीन पर माफिया कब्जा करना चाहते थे, वहां अब फोरेंसिक इंस्टीट्यूट बन गया है.  यूपी में अब रूल ऑफ लॉ है, रूल ऑफ माफिया नहीं.

5 साल में 60 लाख युवाओं को मिला लाभ

यह योजना 2021 में शुरू हुई थी। अब तक 60 लाख से ज्यादा युवाओं को टैबलेट मिल चुका है. इस चरण के बाद कुल संख्या करीब 85 लाख तक पहुंच जाएगी. इन टैबलेट से छात्र AI, कोडिंग, डेटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, ऑनलाइन कोर्स, ई-बुक्स और डिजिटल लाइब्रेरी का फायदा उठा सकेंगे. युवा साथी पोर्टल से स्कॉलरशिप, नौकरी, स्टार्टअप और प्रतियोगी परीक्षा की जानकारी भी मिलेगी. आखिर में सीएम ने युवाओं से टैबलेट का इस्तेमाल पढ़ाई के लिए करने और वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की अपील की.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More