App

दुनिया सुस्त-भारत मस्त, 2027 में चीन को धूल चटाकर नंबर-1 बनेगी इंडियन इकोनॉमी; गोल्डमैन सैक्स का दावा

गोल्डमैन सैक्स रिसर्च की हालिया रिपोर्ट के अनुसार साल 2027 में भारत 7.2% की जीडीपी ग्रोथ के साथ चीन को काफी पीछे छोड़ देगा. इस दौरान चीन की जीडीपी ग्रोथ 4.5% रहने का अनुमान है. इससे पहले आरबीआई ने भी भारत की जीडीपी ग्रोथ का अनुमान बढ़ाया था.

दुनिया सुस्त-भारत मस्त, 2027 में चीन को धूल चटाकर नंबर-1 बनेगी इंडियन इकोनॉमी; गोल्डमैन सैक्स का दावा
Image Credit: (AI) साल 2026 में देश की ग्रोथ रेट 7.9 प्रतिशत और चीन की विकास दर 4.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है.

आरबीआई ने पिछले महीने देश के ग्रोथ रेट का अनुमान बढ़ाकर 7.1 फीसदी कर दिया था. लेकिन गोल्डमैन सैक्स की तरफ से जारी रिपोर्ट में देश की जीडीपी ग्रोथ रेट का अनुमान साल 2027 में 7.2 प्रतिशत कर दिया गया है. इस दौरान चीन की इकोनॉमी 4.5 प्रतिशत की दर से बढ़ने की संभावना है. गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) के अनुसार साल 2027 में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती इकोनॉमी बना रहेगा और विकास के मामले में चीन को पीछे छोड़ देगा. इसके अलावा क्रूड में नरमी और AI में बढ़ते निवेश से ग्लोबल इकोनॉमी को सहारा मिलने की उम्मीद की जा रही है. गोल्डमैन सैक्स के अनुसार साल 2026 में देश की ग्रोथ रेट 7.9 प्रतिशत और चीन की विकास दर 4.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है. दूसरी तरफ अमेरिका की विकास दर 2027 में 2.4 प्रतिशत और 2026 में 2.3 प्रतिशत रहने की उम्मीद है.

भारत की रफ्तार के आगे चीन पस्त

समाचार एजेंसी एएनआई की तरफ से जारी इस रिपोर्ट में बताया गया कि साल 2027 में देश की जीडीपी ग्रोथ 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है. हालांकि, यह आंकड़ा 2026 के 7.9 प्रतिशत के अनुमान से कम है. लेकिन यह मार्केट के 6.8 फीसदी के अनुमान से काफी बेहतर है. दूसरी तरफ चीन की इकोनॉमी 2027 में महज 4.5 फीसदी की दर से ही बढ़ पाएगी. चीन में कमजोर घरेलू खपत और प्रॉपर्टी सेक्टर को लेकर बने हुए संकट के कारण चीन की ग्रोथ सुस्त रहेगी और ड्रैगन केवल एक्सपोर्ट के सहारे टिका रहेगा.

ग्लोबल इकोनॉमी की स्थिर चाल

गोल्डमैन सैक्स रिसर्च के चीफ इकोनॉमिस्ट जान हैटजियस ने माना कि 2027 में ग्लोबल इकोनॉमी 2.8 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ेगी. यह साल 2026 के 2.7 प्रतिशत के अनुमान से थोड़ी बेहतर है. रिपोर्ट में बताया गया कि अमेरिका, जापान और ब्रिटेन की ग्रोथ मार्केट के अनुमान से बेहतर रह सकती है. साउथ कोरिया और ताइवान को एआई से जुड़े एक्सपोर्ट की मांग बढ़ने का सीधा फायदा मिलेगा.

क्रूड ऑयल के दाम में आएगी गिरावट

आम आदमी और दुनियाभर के देशों के लिए राहत की बात यह है कि साल 2027 में एनर्जी की कीमत में गिरावट आएगी. गोल्डमैन सैक्स के कमोडिटी एक्पर्ट का अनुमान है कि साल 2027 के आखिर तक ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम गिरकर 78 डॉलर प्रति बैरल पर आ सकते हैं. इसके अलावा ग्लोबल एलएनजी के दाम में भी नरमी दिखाई देने की उम्मीद है. हालांकि, यूरोप में पुरानी बढ़ी हुई कीमत का असर ग्राहकों पर बना रह सकता है.

AI पर होगा भारी-भरकम निवेश!

साल 2027 के दौरान एआई ग्लोबल ग्रोथ का सबसे बड़ा इंजन साबित होगा. रिपोर्ट के अनुसार AI पर होने वाला निवेश 2026 के 1.1 ट्रिलियन डॉलर से उछलकर 2027 में 1.8 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच जाएगा. इसमें अमेरिका का हार्डवेयर इन्वेटमेंट 500 अरब डॉलर से ज्यादा बढ़ने की उम्मीद की जा रही है. इस निवेश से ग्लोबल जीडीपी को 0.4 प्रतिशत अंक की मजबूती मिलेगी.

महंगाई दर में आएगी नरमी, चुनौतियां बरकरार

एनर्जी प्राइस में कमी आने से 2027 में ग्लोबल महंगाई दर नीचे आएगी. अमेरिका में कोर महंगाई दर 2026 के 3.2 प्रतिशत से कम होकर 2027 के आखिर तक 2.4 फीसदी पर आ सकती है. इससे केंद्रीय बैंक आगे चलकर ब्याज दर में कटौती कर सकते हैं. हालांकि, रिपोर्ट में यह भी चेताया गया कि ईरान जंग के दौरान संघर्ष बढ़ने, बढ़ते राजकोषीय घाटे और AI इन्वेस्टमेंट में किसी भी तरह की रुकावट से ग्लोबल अर्थव्यवस्था के सामने रिस्क बन सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More