)
जिस समय दुनिया के कई बड़े देश महंगाई, जंग और आर्थिक सुस्ती से जूझ रहे हैं तब देश की इकोनॉमी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है जिसकी चर्चा हर तरफ की जा रही है. मिनिस्ट्री ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की तरफ से शुक्रवार को अक्टूबर 2026 के विदेश व्यापार यानी ट्रेड डेटा जारी किए गए. सरकार की तरफ से जारी इन आंकड़ों ने सभी को चौंका दिया है. अक्टूबर में देश के कुल एक्सपोर्ट में करीब 30 फीसदी का उछाल आया है. इस बीच दूसरी अच्छी बात यह है कि एक्सपोर्ट में आए जबरदस्त उछाल से देश का कुल व्यापार घाटा कम हो गया है.
सरकारी आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर 2026 में देश का कुल एक्सपोर्ट सालाना बेस पर 29.9 फीसदी बढ़कर 89.99 अरब डॉलर पर पहुंच गया. यदि अक्टूबर 2025 से इसकी तुलना करें तो उस समय यह आंकड़ा 69.27 अरब डॉलर पर था. दूसरी तरफ देश के आयात में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह पिछले साल के 94.42 अरब डॉलर से बढ़कर 110.07 अरब डॉलर पर पहुंच गया. इन आंकड़ों को देखकर यह साफ है कि एक्सपोर्ट बढ़ने की रफ्तार इम्पोर्ट के मुकाबले कहीं ज्यादा रही. इस आधार पर देश का व्यापार घाटा पिछले साल के 25.15 अरब डॉलर से घटकर अक्टूबर में 20.09 अरब डॉलर रह गया.
इस ग्रोथ का सबसे अहम फैक्टर मर्चेंडाइज यानी सामान से जुड़ा एक्सपोर्ट रहा. अक्टूबर महीने में गुड्स एक्सपोर्ट में 45.06 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया और यह 49.47 अरब डॉलर पर पहुंच गया. यह पिछले साल इसी दौरान 34.11 अरब डॉलर था. ट्रेड सेक्रेटरी राजेश अग्रवाल ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देश ने अक्टूबर में अब तक का अपना सबसे बड़ा मंथली गुड्स एक्सपोर्ट दर्ज किया है. सितंबर 2026 के मुकाबले देखें तो गुड्स एक्सपोर्ट 44.40 अरब डॉलर से बढ़कर 49.47 अरब डॉलर पर पहुंच गया.
एक तरफ गुड्स एक्सपोर्ट ने रिकॉर्ड बनाया तो दूसरी तरफ सामान के आयात यानी मर्चेंडाइज इम्पोर्ट में तेजी देखी गई. अक्टूबर के महीने में गुड्स इम्पोर्ट पिछले साल के 76.69 अरब डॉलर से बढ़कर 89.35 अरब डॉलर पर पहुंच गया. सितंबर के महीने में यह आंकड़ा 74.61 अरब डॉलर था. इस कारण गुड्स ट्रेड डेफिसिट बढ़कर 39.88 अरब डॉलर हो गया. यह पिछले एक साल के दौरान का सबसे हायर लेवल है. यह आंकड़ा सितंबर के 30.21 अरब डॉलर और इकोनॉमिस्ट के 32.25 अरब डॉलर के अनुमान से भी ज्यादा रहा.
गुड्स ट्रेड डेफिसिट बढ़ने के बीच देश के सर्विस सेक्टर ने संकटमोचक की भूमिका निभाई. अक्टूबर में सर्विस सेक्टर का एक्सपोर्ट करीब 40.51 अरब डॉलर रहा. यह पिछले साल के 35.17 अरब डॉलर से काफी बेहतर है. दूसरी तरफ सर्विस इम्पोर्ट 17.73 अरब डॉलर से बढ़कर 20.72 अरब डॉलर रहा. इस तरह सर्विस सेक्टर के मोर्चे पर देश को बड़ा मुनाफा हुआ है. इससे गुड्स ट्रेड डेफिसिट का दबाव काफी हद तक कम हो गया और इससे कुल व्यापार घाटे को नीचे लाने में मदद मिली. मिनिस्ट्री की तरफ से साफ किया गया कि अक्टूबर के सर्विस सेक्टर के आंकड़े शुरुआती अनुमान हैं क्योंकि आरबीआई की तरफ से जारी किये गए आंकड़े सितंबर तक के हैं.
भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल उपभोक्ता देश है. भारत अपनी जरूरत का करीब 85 फीसदी क्रूड ऑयल विदेश से खरीदता है. मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के कारण ग्लोबल एनर्जी मार्केट में सप्लाई प्रभावित हुई है. इससे क्रूड ऑयल के आयात का बिल बढ़ गया है. हालांकि, हालिया दिनों में ब्रेंट क्रूड की कीमत में कुछ नरमी देखी गई और यह करीब 92 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया.
देश से किये जाने वाले एक्सपोर्ट के आंकड़ों में आई तेजी के पीछे सरकार की स्मार्ट ट्रेड पॉलिसी का बड़ा हाथ है. भारत की तरफ से लगातार नए बाजारों की तलाश की जा रही है और दूसरे देशों के साथ व्यापारिक रिश्ते मजबूत कर रहा है. इसी साल यूनाइटेड किंगडम (UK) और न्यूजीलैंड के साथ अहम व्यापारिक समझौतों को लागू किया गया है. इसका सीधा फायदा एक्सपोर्ट के आंकड़ों में दिखने लगा है. इतना ही नहीं अगले साल की शुरुआत में यूरोपीय यूनियन (EU) के साथ ट्रेड डील लागू होने की उम्मीद है.