कल्याण सिंह के फॉर्मूले पर BJP का भरोसा, यूपी में बूथ जीतने की तैयारी तेज
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने बूथ विजय प्लान तैयार किया है. 18,900 कमजोर बूथों की पहचान, 11 कार्यकर्ताओं की टीम और BLA-2 की तैनाती से पार्टी बूथ प्रबंधन मजबूत करेगी.
विशाल सिंह/ लखनऊ: 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने यूपी में बूथ स्तर पर खेल शुरू कर दिया है. पार्टी का साफ फॉर्मूला है -बूथ जीता, चुनाव जीता. इसीलिए अब संगठन का पूरा फोकस बूथवार समीक्षा, कार्यकर्ताओं की तैनाती और कमजोर बूथों को मजबूत करने पर है.
18,900 बूथों पर क्यों है खास नजर?
बीजेपी ने प्रदेश के करीब 18,900 ऐसे बूथ चिन्हित किए हैं, जहां 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी आगे थी, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में पिछड़ गई. इनमें से करीब 80% बूथ ग्रामीण इलाकों के हैं. पार्टी मान रही है कि इन्हीं बूथों पर हार-जीत का फैसला होगा, इसलिए इन पर अलग से रणनीति बनाई गई है. इन बूथों पर BLA-2 की नियुक्ति भी पूरी कर ली गई है.
एक बूथ - 11 कार्यकर्ता
बीजेपी ने हर बूथ पर 11 कार्यकर्ताओं की समिति बनाई है.
एक मंडल में औसतन 80-90 बूथ आते हैं = करीब 1,000 कार्यकर्ता
एक विधानसभा में औसतन 5 मंडल होते हैं = करीब 5,000 कार्यकर्ताओं का नेटवर्क
मतलब, हर विधानसभा में 5 हजार लोगों की टीम सिर्फ बूथ संभालने के लिए तैयार की जा रही है.
BLO के साथ BLA-1 और BLA-2 भी मैदान में
बूथ पर सरकारी BLO के अलावा बीजेपी ने अपने BLA-1 और BLA-2 भी उतार दिए हैं.इनका काम है-मतदाता सूची की निगरानी,नए वोटरों को जोड़ना और बूथ पर संगठन को एक्टिव रखना. इसके अलावा हर बूथ पर प्रवासी कार्यकर्ता भी भेजे जा रहे हैं, जो स्थानीय टीम के साथ मिलकर बूथ की असली स्थिति का आकलन करेंगे.
कल्याण सिंह वाला पुराना मंत्र, नया रूप
यूपी में बीजेपी की बूथ वाली रणनीति नई नहीं है. 1991 में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने "एक बूथ - 20 यूथ" का मंत्र दिया था. तब से लेकर अब तक बीजेपी हर चुनाव में इसी फॉर्मूले पर भरोसा करती आई है. अब 2027 से पहले पार्टी उसी रणनीति को नए सिरे से धार दे रही है. BLA-2 की नियुक्ति से पोलिंग एजेंट का नेटवर्क भी मजबूत हो गया है।अब देखना ये होगा कि बूथ पर की गई ये मेहनत 2027 में वोट में बदलती है या नहीं.
यूपी में सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में खींचतान! 23 नवंबर से दिल्ली में शुरू होगा बड़ा मंथन