चंद्रशेखर के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी रोहिणी घावरी! 2027 के लिए किया बड़ा ऐलान
रोहिणी घावरी ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 लड़ने का ऐलान किया है. हस्तिनापुर से चुनाव लड़ने की तैयारी के बीच उन्होंने चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी पर गंभीर आरोप लगाए.
मोहम्मद गुफरान/प्रयागराज: 2027 के चुनाव से पहले यूपी की सियासत में एक नई टक्कर की आहट सुनाई देने लगी है. प्रयागराज में रोहिणी घावरी ने सामने आकर चुनाव में उतरने की बात कही है. उनका कहना है कि वह मेरठ की हस्तिनापुर सीट से अपनी सियासी पारी शुरू करना चाहती हैं. इसके साथ ही उन्होंने ये भी साफ किया कि चंद्रशेखर आजाद जहां से भी चुनाव में खड़े होंगे, वह उनके सामने खड़ी होंगी.
चंद्रशेखर आजाद पर लगाए गंभीर आरोप
रोहिणी ने चंद्रशेखर पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पीछे बीजेपी का हाथ है. उनका कहना था कि बीजेपी ही उनकी रैलियों की व्यवस्था करती है. लखनऊ में होने वाली चंद्रशेखर और ओवैसी की साझा रैली पर भी उन्होंने उंगली उठाई. रोहिणी का आरोप था कि इस रैली के लिए बसों और ट्रेनों का इंतजाम बीजेपी के लोगों की तरफ से किया गया है. उन्होंने आगे कहा कि छल और धोखे से चलने वाला व्यक्ति लंबे समय तक आगे नहीं बढ़ सकता. ऐसे लोगों को विधानसभा और लोकसभा में जगह नहीं मिलनी चाहिए.
ओवैसी को बताया यूपी में बेअसर, दोनों को बताया वोट कटवा
इसके बाद उन्होंने ओवैसी पर भी निशाना साधा. रोहिणी का कहना था कि यूपी में ओवैसी की कोई जड़ नहीं है. यूपी में मुख्यमंत्री बनने का ख्वाब देखने से पहले उन्हें अपने घर हैदराबाद में मुख्यमंत्री बनाकर दिखाना चाहिए. रोहिणी ने दोनों नेताओं को वोट काटने वाला बताते हुए कहा कि अब प्रदेश की जनता उनकी मंशा समझ रही है. गैर-राजनीतिक लोग भी इसे भांप रहे हैं.
सपा का पलड़ा भारी होने का दावा
वहीं, चुनाव के समीकरण पर उन्होंने अपनी राय रखी. उनका मानना है कि अगली लड़ाई सीधे-सीधे सपा और बीजेपी के बीच होगी. फिलहाल उन्हें सपा का पलड़ा भारी लग रहा है. उन्होंने अखिलेश यादव को अपना बड़ा भाई बताया और उम्मीद जताई कि हस्तिनापुर में उन्हें उनका साथ मिलेगा.
रोहिणी ने कहा है कि चंद्रशेखर जहां से चुनाव लड़ेगा उसके खिलाफ वह जरूर चुनाव लड़ेंगी,चरित्रहीन लोग विधानसभा और लोकसभा में अच्छे नहीं लगते,चरित्रहीन लोगों की जगह लोकसभा और विधानसभा चुनाव है.
अब सबकी नजर इस पर टिकी है कि रोहिणी का ये ऐलान सिर्फ बयानबाजी तक रहता है या वह सच में हस्तिनापुर से मैदान में उतरती हैं. और अगर चंद्रशेखर किसी और सीट से लड़ते हैं, तो क्या रोहिणी भी उनके पीछे वहां पहुंच जाएंगी? जवाब आने वाले दिनों में ही मिलेगा.
चिराग पासवान से शादी की खबरों पर पूर्व CM की बेटी ने तोड़ी चुप्पी, बताया- क्या था उस किताब का राज?