)
विशाल सिंह/लखनऊ: विधानसभा चुनाव 2027 (UP Vidhansabha Chunav 2027) अभी दूर है, लेकिन बीजेपी ने अभी से मैदान में उतरने की तैयारी कर ली है. पार्टी का सबसे बड़ा फोकस इस बार वोटर लिस्ट पर है.दरअसल, मतदाता सूची (Voter List) के स्पेशल गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद कई पात्र लोगों के नाम कट गए हैं या छूट गए हैं. बीजेपी अब उन्हीं छूटे हुए नामों को दोबारा जुड़वाने के मिशन पर जुट गई है.
पार्टी ने तय किया है कि हर विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग टीमें बनाई जाएंगी. इन टीमों की जिम्मेदारी स्थानीय पार्षदों और क्षेत्र के बड़े नेताओं को दी जा रही है. सिर्फ बूथ अध्यक्ष ही नहीं, जिलाध्यक्ष तक को इस काम में लगा दिया गया है. छहों क्षेत्रों के क्षेत्रीय अध्यक्ष और संगठन मंत्री भी इस अभियान पर नजर रखेंगे. भाजपा संगठन ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए नीचे से ऊपर तक पदाधिकारियों की जवाबदेही तय कर दी है.
बीजेपी कार्यकर्ता अब सिर्फ मीटिंग में नहीं, सीधे लोगों के दरवाजे पर पहुंचेंगे. घर-घर जाकर पूछेंगे कि परिवार में किसी का नाम वोटर लिस्ट में छूटा तो नहीं है. अगर नाम छूटा है तो कार्यकर्ता खुद फॉर्म भरवाएंगे और कागज जुटाने में भी मदद करेंगे.
इस अभियान में सबसे ज्यादा फोकस नए वोटरों पर है. जो युवा पहली बार वोट डालेंगे, पार्टी उन्हें जोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती.बीजेपी का साफ कहना है - कोई भी पात्र नागरिक वोट से वंचित नहीं रहना चाहिए.
2027 के चुनाव को देखते हुए बीजेपी बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना चाहती है. पार्टी को पता है कि चुनाव वोटर लिस्ट से ही जीता जाता है. इसलिए आने वाले दिनों में हर जिले में इस अभियान की रिपोर्ट ली जाएगी.