App

अखिलेश यादव को ओम प्रकाश राजभर की नसीहत, बोले- 'सोते रहे तो चच्चा सारा खेल कर जाएंगे'

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए शिवपाल यादव और आजम खान की मुलाकात का जिक्र किया. जानिए ओपी राजभर ने X पोस्ट में क्या कहा.

अखिलेश यादव को ओम प्रकाश राजभर की नसीहत, बोले- 'सोते रहे तो चच्चा सारा खेल कर जाएंगे'
Image Credit: Om Prakash Rajbhar

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर फिर से निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर शिवपाल यादव और आजम खान का जिक्र किया.

राजभर ने पोस्ट में क्या लिखा?

राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा — “मित्र अखिलेश यादव जी, कहावत सुने हैं कि नहीं? जो सोवत है सो खोवत है, जो जागत है सो पावत है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब तक अखिलेश सोते रहते हैं, तब तक उनके चच्चा सारा खेल रचकर लौट आते हैं.

आजम खान से मुलाकात पर सवाल

ओपी राजभर ने अपनी पोस्ट में डासना जेल में आजम खान से हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए शिवपाल यादव पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि चच्चा और रामपुर वाले चचाजान के बीच आखिर क्या बात हुई है? उन्होंने अखिलेश से यह भी पूछा कि क्या शिवपाल यादव उनसे पूछकर आजम खान से मिलने गए थे या बिना बताए.

बनारस का जिक्र

राजभर ने अखिलेश यादव को बनारस का जिक्र करते हुए भी घेरा. राजभर ने लिखा कि कहीं उनके साथ बनारस जैसा खेला तो नहीं होने जा रहा है? राजभर ने दावा किया कि चच्चा के चहेतों ने अभी से लंबी-लंबी डीलिंग शुरू कर दी है.

आखिर में दी सलाह

पोस्ट के आखिर में राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें अपने घर और कार्यकर्ताओं दोनों पर विशेष ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं किया तो उनके पिता का बनाया संगठन कमजोर हो सकता है.

राजभर की इस पोस्ट ने यूपी की सियासत में शिवपाल यादव, अखिलेश यादव और आजम खान के रिश्तों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है. हालांकि, पोस्ट में उठाए गए डीलिंग संबंधी दावों के समर्थन में कोई प्रमाण पेश नहीं किया गया है. ये दावे राजभर की निजी टिप्पणी के तौर पर सामने आए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More