)
Pakistan Underground Crude Oil Heist: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक अजीब घटना देखने को मिली है. यहां के रावलपिंडी जिले में पुलिस ने कच्चे तेल के चोरी के आरोप में 3 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि तीनों पर पाकिस्तान ऑयल फील्ड्स लिमिटेड की अंडरग्राउंड पाइपलाइन से एक लंबी सुरंग का इस्तेमाल करके 2 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के 1,100 बैरल कच्चे तेल की चोरी करने का आरोप है.
'BBC उर्दू' की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने एक घर के अंडरग्राउंड टैंक से चोरी हुए 1,431 लीटर कच्चे तेल और घटना में इस्तेमाल किए गए कुछ टूल्स का इस्तेमाल किया. वहीं, मामले को लेकर पाकिस्तान ऑयल फील्ड्स लिमिटेड के एक सीनियर अधिकारी शाहिद अहमद ने FIR भी दर्ज करवाई है.
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि पाकिस्तान ऑयल फील्ड्स लिमिटेड अंडरग्राउंड स्टोरेज से कच्चा तेल निकालती है और हाई प्रेशर वाली पाइपलाइनों के जरिए इसे रावलपिंडी में सप्लाई करती है. हालांकि, कुछ समय से कंपनी को कच्चे तेल की पाइपलाइनों से तेल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं. FIR के मुताबिक रावलपिंडी के धामियाल पुलिस स्टेशन की सीमा में आने वाले क्षेत्र रानियाल से कच्चे तेल की चोरी की रिपोर्ट प्राप्त हुई. इसको लेकर जांच की जा रही है.
शिकायतकर्ता के मुताबिक,8 नवंबर 2026 को वह अन्य कर्मचारियों के साथ रानियाल क्षेत्र में गश्त कर रहा था कि तभी उसने एक घर के बाहर से कच्चे तेल की गंध महसूस की, जिससे उसे तेल चोरी की अवैध गतिविधि का शक हुआ. उसने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी. पूछताछ करने पर घर में मौजूद 3 लोगों ने बताया कि घर के कारपोर्ट में खड़ी 1 कार के नीचे अंडरग्राउंड टैंक में चोरी का कच्चा तेल रखा हुआ था. घर की और खुदाई करने पर पता चला कि आरोपियों ने कंपनी की अंडरग्राउंड हाई प्रेशर वाली कच्चे तेल की पाइपलाइन के साथ अवैध रूप से छेड़छाड़ की थी और एक क्लैंप लगाया था, जिसके जरिए 181 फुट लंबी पाइप को एक सुरंग की मदद से जमीन में छिपाया था. वे सुरंग के जरिए मकान में कच्चा तेल पहुंचा रहे थे.
अवैध पाइप को बगल की एक खाली जमीन के नीचे से ले जाया गया था और सुरंग के जरिए मकान तक पहुंचाया गया. इसकी मदद से ही कच्चे तेल की चोरी की जा रही थी. पुलिस ने घटनास्थल से 1,431 लीटर कच्चा तेल, हाई प्रेशर वाली पाइपें और काम में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ऑयल फील्ड्स लिमिटेड को कंपनी की कच्चे तेल की पाइपलाइन से अवैध छेड़छाड़ और कच्चे तेल की चोरी के चलते भारी वित्तीय नुकसान हुआ है. नुकसान रिपोर्ट से पता चलता है कि लगभग 1,100 बैरल कच्चे तेल की चोरी हुई है, जिसकी कीमत 2.2 करोड़ रुपये से ज्यादा है. मामले की आगे की जांच की जा रही है.