)
उन्नाव जिले में विधानसभा से ज्यादा निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत के संयुक्त वोटर हैं. दोनों में 5.31 लाख मतदाताओं का फासला है. ऐसे में यह अंतर कई सवाल खड़े कर रहा है. आखिरकार ये 5.31 लाख मतदाता कौन हैं, जो निकायों व त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनावों में तो वोट डालते हैं, लेकिन विधानसभा व लोकसभा में इनका नाम नहीं है?
जानकारी के लिए बता दें कि उन्नाव की आबादी करीब 33 लाख बताई जाती है. इनमें ग्रामीण व नगरीय निकाय (शहरी क्षेत्र) के लोग शामिल हैं. इस आबादी में ही 18 साल की आयु पूरी कर चुके लोगों को मतदाता बनाया गया है. निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत के वोटरों की सूची तैयार करने का काम जहां पंचायत निकाय आयोग करता है, वहीं विधानसभा की सूची राज्य निर्वाचन आयोग तैयार कराता है.
मिली जानकारी के मुताबिक, दिसंबर 2025 में विधानसभा मतदाता सूची को लेकर एसआईआर प्रक्रिया पूरी कराई गई थी. इसमें वर्ष 2003 और अक्टूबर 2025 की सूची का मिलान करके जो फाइनल लिस्ट तैयार हुई थी, उसमें 3,11,405 वोटर कम हो गए थे. इनमें मृतक और दूसरे जिलों में स्थायी रूप से बस गए लोग सहित अन्य वोटर शामिल रहे थे. वर्तमान में विधानसभा वोटरों की संख्या 20,39,180 है. वहीं, त्रिस्तरीय पंचायत के 2021 में हुए चुनाव में कुल वोटरों की संख्या 20,65,087 थी.
पिछले साल अगस्त से त्रिस्तरीय मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य शुरू हुआ था. बीएलओ ने घर-घर जाकर निर्धारित प्रोफार्मा पर वोटरों का सत्यापन किया था. ऑफलाइन और ऑनलाइन तरीके से कार्य करके एक जनवरी 2025 को 18 साल की आयु पूरी कर चुके लोगों के नाम सूची में शामिल किए गए. मृत्यु या शहरों में निवास करने वाले लोगों के नाम हटाए गए. पहले के वोटरों के नाम सहित अन्य संशोधन भी किए गए.
इसके बाद अप्रैल 2026 में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जारी फाइनल सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 21,03,279 हो गई. वहीं, 2023 की नगरीय निकाय की लिस्ट में दर्ज वोटरों की संख्या 4,67,410 है. निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत को जोड़ लिया जाए तो कुल वोटरों की संख्या 25,70,689 है, जबकि विधानसभा सूची में 20,39,180 है. दोनों में 5.31 लाख का अंतर है.
ये भी पढ़ेंः 403 सीट नहीं, 1.73 लाख बूथों में छिपा है जीत का गणित; समझिए 100 वोट का खेल
वहीं चुनाव कार्यालय के जानकारों का कहना है कि नियमानुसार विधानसभा व निकाय-त्रिस्तरीय पंचायत के वोटरों की संख्या लगभग समान होनी चाहिए. ऐसे में जिले में पांच लाख वोटरों का अंतर कई सवाल खड़े कर रहा है.
इस पर DM घनश्याम मीणा ने बताया कि विधानसभा चुनाव और ग्राम पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में अंतर देखा जा रहा है. जो भी छूटे हुए मतदाता हैं, उन पर हमने काम किया है. बुधवार को हमने रणनीति बनाई है. उन्हें जोड़ने का अभियान तेजी से चलाया जा रहा है.
(रिपोर्टः ज्ञानेंद्र प्रताप, उन्नाव)