)
प्यार अगर सच्चा हो तो वक्त और दूरियां भी उसे खत्म नहीं कर पातीं. कुछ ऐसा ही नजारा उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में देखने को मिला, जहां एक जापानी कपल ने अपने टूटे हुए रिश्ते को एक नया नाम दिया. साल 2022 में तलाक ले चुके इस जोड़े ने भारतीय परंपराओं के बीच दोबारा सात फेरे लेकर हर किसी का दिल जीत लिया है.
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसी लव स्टोरी वायरल हो रही है, जिसे देखकर हर कोई मुस्कुरा रहा है. जापान के रहने वाले हिरो चिहारा और शिजू ने यह साबित कर दिया है कि रिश्तों को दूसरा मौका देना कितना खूबसूरत हो सकता है. साल 2022 में इस कपल का तलाक हो गया था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. अब इस जोड़े ने लखनऊ के गोमती नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ दोबारा शादी कर ली है.
इस खास मौके पर हिरो और शिजू पूरी तरह से भारतीय रंग में रंगे नजर आए. दूल्हे बने हिरो ने जहां पारंपरिक कुर्ता-पजामा पहना था, वहीं दुल्हन शिजू बेहद खूबसूरत सलवार-कुर्ते में दिखाई दीं. शादी की सभी रस्में पूरे विधि-विधान के साथ पूरी की गईं. दोनों ने एक-दूसरे को गेंदे के फूलों की वरमाला पहनाई, मांग में सिंदूर भरा और पवित्र अग्नि के चारों ओर सात फेरे लिए. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह शादी 23 नवंबर को हुई, जिसमें इस कपल के तीनों बच्चे, परिवार के लोग और करीबी दोस्त भी शामिल हुए. अपने माता-पिता को दोबारा एक होते देख बच्चों के चेहरे पर भी गजब की खुशी थी.
#WATCH | Lucknow, Uttar Pradesh: The husband, Hiro Chihara, said, "It was a very precious experience that we could have such a beautiful wedding...we divorced in 2022 and remarried each other, we wanted to do it in India." (23.11) https://t.co/teu5Tddfwt
— ANI (@ANI) November 23, 2026
अब आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि आखिर जापान से आकर लखनऊ में शादी करने का प्लान कैसे बना. दरअसल, साल 2023 में इस कपल के भारतीय दोस्तों ने दोनों को समझाया और इनके बीच की दूरियां खत्म करवाईं. इसके बाद दोनों फिर से साथ रहने लगे. यह जोड़ा अपने पूरे परिवार के साथ अपने भारतीय दोस्त पंकज जोशी की शादी में शामिल होने के लिए लखनऊ आया था. पंकज की शादी 21 नवंबर को थी. जब हिरो और शिजू ने यहां की शादियों की रौनक और भारतीय कल्चर को करीब से देखा, तो उनका दिल भी इसी अंदाज में शादी करने को मचल उठा.
शादी के बाद सोशल मीडिया पर इस समारोह के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें दोनों काफी खुश नजर आ रहे हैं. हिरो चिहारा ने अपनी खुशी जाहिर की और कहा कि यह उनके लिए बेहद खास और कीमती अनुभव है. उन्होंने बताया कि 2022 में तलाक होने के बाद उन्होंने दोबारा शादी करने का फैसला किया था. हिरो ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें भारत से बहुत प्यार है और वे अपनी यह खास शादी भारत में ही करना चाहते थे.
इंटरनेट पर लोग इस कपल की जमकर तारीफ कर रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि एक तरफ जहां लोग छोटी-छोटी बातों पर रिश्ते तोड़ देते हैं, वहीं इस जापानी जोड़े ने न सिर्फ अपने परिवार को फिर से जोड़ा, बल्कि भारतीय संस्कृति को अपनाकर एक शानदार मिसाल भी पेश की है.