App

सुप्रीम कोर्ट के जज की जगह ओवैसी को दे दिया गार्ड ऑफ ऑनर, पुलिसकर्मियों से हुई चूक!

सहारनपुर में सुप्रीम कोर्ट के जज के स्वागत के लिए तैयार पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर गलती से AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया.

सुप्रीम कोर्ट के जज की जगह ओवैसी को दे दिया गार्ड ऑफ ऑनर, पुलिसकर्मियों से हुई चूक!
Image Credit: Saharanpur News

नीना जैन/सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार को पुलिस की एक बड़ी चूक चर्चा का विषय बन गई. यहां सर्किट हाउस पर AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी को पुलिसकर्मियों ने गलती से गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया.

सुप्रीम कोर्ट के एक जज के आगमन पर होना था गार्ड ऑफ ऑनर

दरअसल, सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक जज के आगमन को लेकर पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की गई थी.  जवान पूरी वर्दी में सलामी देने के लिए तैयार खड़े थे. लेकिन जज के पहुंचने से पहले ही  एआईएमआईएम प्रमुख एवं सांसद ओवैसी वहां पहुंच गए. बताया जा रहा है कि AIMIM चीफ ओवैसी अपने काफिले के साथ करीब 11:30 बजे सर्किट हाउस पहुंचे. उनके साथ सुरक्षाकर्मियों को देखकर वहां तैनात पुलिसकर्मी भ्रमित हो गए. जैसे ही ओवैसी अपनी गाड़ी से उतरे, पुलिसकर्मियों ने उन्हें ही औपचारिक सलामी दे दी.  ओवैसी भी खड़े होकर सलामी लेते नजर आए और फिर अंदर चले गए.  इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

कैंसिल हुए ओवैसी और चंद्रशेखर की पीसी

इससे पहले आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद करीब 11 बजे सर्किट हाउस पहुंच चुके थे. वह वहां एक कमरे में बैठे हुए थे.  दोनों नेताओं की सर्किट हाउस में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित थी, लेकिन अचानक इसे रद्द कर दिया गया. इसके बाद दोनों नेता जिलाधिकारी से मुलाकात करने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंच गए. कलेक्ट्रेट में दोनों सांसदों ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन को ज्ञापन सौंपा.  ज्ञापन में उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण के मामले में उच्चस्तरीय जांच कराने और नोटिसों पर कार्रवाई रोकने की मांग की.

क्या होता है गार्ड ऑफ ऑनर?

बता दें कि गार्ड ऑफ ऑनर एक औपचारिक पुलिस और सैन्य सम्मान है. इसमें निर्धारित वर्दी और अनुशासन में तैनात जवान किसी विशिष्ट अतिथि या संवैधानिक पदाधिकारी को परेड के माध्यम से सम्मान देते है. यह सम्मान तय प्रोटोकॉल के तहत ही दिया जाता है. सामान्य तौर पर यह राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और अन्य पात्र विशिष्ट व्यक्तियों को दिया जाता है. सहारनपुर की इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है. पुलिस की इस चूक को लेकर अब कई सवाल उठ रहे हैं.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More